हिमाचल में तूफान का कहर

By: Jun 14th, 2019 12:15 am

शिमला-सिरमौर में कई घरों की छतें उड़ी, फसलों को नुकसान

शिमला  – हिमाचल प्रदेश में बुधवार देर शाम और गुरुवार तड़केचले तूफान ने जमकर कहर बरपाया है। राज्य के कई स्थानों पर तूफान ने घरों की छतें तक उड़ा दी हैं। तूफान से फसलों को भी भारी नुकसान पहुंचा है। हालांकि राज्य में गुरुवार को दिन में मौसम साफ बना रहा, मगर आगामी दिनों के दौरान मौसम खराब रहने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग की मानें तो समूचे हिमाचल में 19 जून तक  मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। 16 व 17 जून को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है, जिसने किसानों व बागबानों की धुकधुकी बढ़ा दी है। प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में बुधवार रात को तेज तूफान के साथ मूसलाधार बारिश रिकार्ड की गई। तेज तूफान से राज्य के शिमला, सिरमौर व मंडी में भारी नुकसान हुआ है। सेब, नाशपाती सहित अन्य स्टोन फ्रूट की फसल पौधों से झड़ कर बागों में बिछ गई है। इसके अलावा तूफान से सब्जियों व अन्य फसलों को भी नुकसान पहुंचने की सूचना है। तूफान से जिला शिमला व सिरमौर में कई घरों की छतें उड़ गई हैं। गुरुवार को राज्य भर मे मौसम साफ बना रहा। मौसम के साफ रहने से तापमान में फिर से उछाल  आया है। अधिकतम तापमान में एक से 10 सेल्सियस तक का उछाल आया है। तापमान में उछाल आने से राज्य के मैदानी इलाकों में जनता को फिर से प्रचंड गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। ऊना का तापमान फिर से 42 डिग्री से पार हो गया है। इसके अलावा कांगड़ा, बिलासपुर व हमीरपुर का तापमान 40 डिग्री के आंकड़े के करीब है। राज्य के नाहन व धर्मशाला को छोड़कर शेष हिमाचल के अधिकतम तापमान मे बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। भुंतर व कल्पा के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक 10 डिग्री का उछाल आया है। केलांग के तापमान में आठ डिग्री, बिलासपुर व हमीरपुर के तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी रिकार्ड की गई है। प्रदेश में शाम के समय आसमान में काले बादल घिरने से जनता ने प्रचंड गर्मी से काफी हद तक की राहत ली। मौसम विभाग के निदेशक डा.मनमोहन सिंह ने बताया कि राज्य में 19 जून तक मौसम खराब बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। राज्य में 16 व 17 जून को मौसम फिर से कहर बरपा सकता है।

नाहन में स्कूटी पर गिरा पेड़, एक की गई जान

नाहन – बुधवार रात करीब नौ बजे आए आंधी व तूफान ने जिला सिरमौर के त्रिलोकपुर के 25 वर्षीय युवक अमन सैणी की जान ले ली। अमन हरियाणा के नारायणगढ़ से स्कूटी पर घर लौट रहा था कि अचानक सफेदे का विशालकाय वृक्ष स्कूटी पर गिर गया। इस हादसे में अमन की मौके पर ही मौत हो गई।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App