हुड़दंगियों ने मोरनी के लोगों को किया तंग

By: Jun 4th, 2019 12:01 am

पंचकूला। शांत मोरनी की वादियों में बाहरी हुड़दंगियों के शोर-शराबे से इलाके की शांति पर ग्रहण लग रहा है। मोरनी की सड़कों पर बाहरी हुड़दंगियों का हुड़दंग दिनों-दिन बढ़ता जा रहा है। सड़कों पर खुलेआम बाहरी हुड़दंगियों के जाम छलक रहे हैं और पुलिस मूक दर्शक बनी तमाशा देख रही है। यहां पर थापली नदी में डूबने से दो युवकों की मौत हो गई थी। इन मौतों से भी लोग कुछ सीख नही रहे हैं। यहां लगातार नदियों में डूबने से घटनाए होने के बावजूद बाहरी लोग नदियों में बैठ कर जाम छलकाने से बाज नहीं आ रहे। पुलिस व प्रशासन के चेतावनी बोर्डो को दरकिनार कर युवा सैलानी गर्मी से राहत हेतु नदियों में जमा हुए पानी के कुंडो में मौज-मस्ती कर रहे हैं। नशे की हालत में इन कुंडो में नहाना खतरे से खाली नहीं है। इसके अलावा थापली से गुजरती घगघर नदी भी नशे व मस्ती में डूबे युवाओं के लिए मौत का घर बनी हुई है। इसके बावजूद पंचकूला जिले में प्रशासन की नाक के नीचे आजकल गर्मी से बचने के लिए दर्जनों युवाओं को नदियों में पानी में नहाते हुए देखा जा सकता है। 

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App