100 मीटर दौड़ में ही युवा बाहर

हमीरपुर—फोरेस्ट गार्ड भर्ती के आठवें दिन 55 युवा ही फिजिकल टेस्ट में पास हो पाए हैं। इनमें 43 लड़के व 12 लड़कियां हैं। खराब मौसम भी युवाआंे के हौसलों को तोड़ नहीं पाया है। युवाओं ने फोरेस्ट गार्ड बनने के लिए मैदान में खूब पसीना बहाया। बता दें कि बहुतकनीकी कॉलेज बडू के खेल मैदान में हमीरपुर वन सर्किल की भर्ती प्रक्रिया चल रही है। गुरुवार को 935 युवाओं को कॉल लैटर जारी किए गए थे। इनमें से 427 युवा ही फिजिकल टेस्ट देने पहुंचे थे, जबकि 498 युवाओं ने भर्ती प्रक्रिया में रुचि नहीं दिखाई है। मैदान में 324 लड़के व 103 लड़कियों ने अपनी किस्मत आजमाई। इसमें से फिजिकल टेस्ट में 55 युवा ही पास हो पाए, जबकि 372 युवा मैदान में सफल नहीं हो पाए हैं। फिजिकल टेस्ट में युवाओं के लिए 100 मीटर की बाधा पार करना मुश्किल होता जा रहा है। रोजाना 50 से 60 फीसदी युवा पहली बाधा में ही फेल हो रहे हैं। रही-सही कसर हाइजंप में पूरी हो रही है। ऐसे में कई युवाओं के फोरेस्ट गार्ड के सपने धराशाही हो रहे हैं। लड़कों व लड़कियों की भर्ती प्रक्रिया एक साथ करवाई जा रही है। यह जानकारी डीएफओ, वन सर्किल हमीरपुर संगीता चंदेल ने दी।