136 कामगारों को सोलर लाइट-148 को इंडक्शन कुकर

By: Jun 25th, 2019 12:05 am

होली—विधायक जियालाल कपूर ने कहा है कि किसी भी राष्ट्र की तरक्की मजदूर शक्ति पर ही निर्भर करती है। देश के निर्माण में श्रमिकों का महत्त्वपूर्ण योगदान रहा है, जिसके लिए श्रमिक व मजदूर बधाई के पात्र हैं। वह सोमवार को हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण कामगार कल्याण बोर्ड की कल्याणकारी योजनाओं पर आधारित जागरूकता शिविर में बोल रहे थे। इस शिविर का आयोजन जिला श्रम विभाग चंबा की ओर से किया गया। विधायक जियालाल कपूर ने कहा की भरमौर क्षेत्र के विभिन्न विद्युत परियोजनाओं के निर्माण में 70 प्रतिशत हिमाचली कामगार कार्य कर रहे हैं उन्हें कामगार कल्याण बोर्ड की विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित भी किया जा रहा है। उन्होंने तमाम वर्करों से आग्रह किया कि वे विभिन्न क्लेम के आवेदन पत्र अवश्य भरें और अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ उठाएं।  उन्होंने कहा कि होली बस स्टैंड के सुधारीकरण हेतु दस लाख की धनराशि स्वीकृत की गई है। इसका कार्य जल्द ही आरंभ करने के विभाग को निर्देश जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि अंदलाग्रां के लिए जल्द ही पुल का निर्माण कार्य भी शुरू किया जा रहा है। उन्होंने होली क्षेत्र के विभिन्न विद्युत परियोजनाओं के निर्माण कार्य में जुटे कामगारों को 136 सोलर लाइट व 148 इंडक्शन हीटर भी प्रदान किए।  जिला श्रम अधिकारी चंबा राजकुमार शर्मा ने विभाग की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में कहा कि जिला चंबा में 15322 कामगार पंजीकृत हुए हैं। इसमें 6453 मनरेगा के तहत अन्य कामगार योजनाओं में 8879 कामगारों को पंजीकृत किया गया है, जिसमें 3664 कामगारों को लाभान्वित कर एक करोड़ 86 लाख रुपए की धनराशि व्यय की गई है। इस कार्यम के दौरान जीएमआर कंपनी के एचआर हेड रघु बिंद्रा तक्षक तथा गैमन कंपनी के एसके मुखर्जी सहित राकेश जरयाल,  रवि जुल्कान, पंचायत समिति सदस्य अनूप कुमार,  चरणजीत ठाकुर, सुभाष कपूर, एसटी मोर्चा उपाध्यक्ष विक्की ठाकुर, सिरमौरी राम,  बंटी कपूर व  विजय भारद्वाज व जिला श्रम विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App