18 जून को पहुंचेगा प्री-मानसून

By: Jun 14th, 2019 12:01 am

मौसम विभाग का पूर्वानुमान, प्रचंड गर्मी से मिलेगी राहत

शिमला – हिमाचल प्रदेश में इस बार प्री-मानसून जल्द दस्तक दे सकता है। राज्य में अगले सप्ताह तक प्री-मानसून के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि शुरुआत में ही मानसून के कमजोर पड़ने से हिमाचल में प्री-मानसून निर्धारित अवधि से एक-दो दिन देरी से पहुंच सकता है, मगर विभाग द्वारा हिमाचल में 18 जून तक प्री-मानसून के दस्तक देने की संभावना जताई जा रही है। गौर हो कि राज्य में जनता को प्रचंड गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। हिमाचल के कई क्षेत्रों में इस समर सीजन के दौरान रिकार्डतोड़ तापमान दर्ज किया जा चुका है। प्रदेश के ऊना में 14 साल बाद 45 डिग्री से अधिक तापमान रिकार्ड किया गया है। इतना ही नहीं, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, सुंदरनगर में भी जनता को भीषण गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। राजधानी शिमला में भी कई वर्षों बाद इस तरह की गर्मी का प्रकोप दिखा है। यहां पर भी पिछले चार सालों में सवार्धिक गर्मी  हुई है। ऐसे में प्री-मानसून की यह दस्तक लोगों को कुछ राहत प्रदान कर सकती है। बता दें कि केरल में एक सप्ताह पहले मानसून दस्तक दे चुका है। केरल में मानसून निर्धारित समय के बाद पहुंचा है। शुरुआत में मानसून सक्रिय था, मगर अब यह धीमी गति से आगे बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार हिमाचल प्रदेश में अभी प्री-मॉनसून पहुंचने में छह से सात दिन लग सकते हैं। राज्य में 18 जून तक मानसून के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। बीते साल की बात करें तो हिमाचल में प्री-मानसून 20 जून को पहुंचा था। ऐसे में इस बार प्री-मानसून गत वर्ष के मुकाबले पहले दस्तक दे सकता है, जो जनता के लिए राहत भरी खबर है। हालांकि राज्य में गुरुवार को मौसम साफ बना रहा। दूसरी तरफ राज्य में अगामी दिनों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई जा रही है। विभाग की मानं तो समूचे राज्य में 19 जून तक  मौसम खराब  बना रहेगा। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश होगी। 16 व 17 जून को राज्य के अधिकाशं क्षेत्रों में बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया जा रहा है। इससे किसानों व बागबानों को राहत मिलने के आसार हैं।

किसानों-बागबानों के लिए अच्छी खबर

माना जा रहा है हिमाचल प्रदेश में प्री-मानसून का आना किसानों-बागबानों के लिए भी बड़ी राहत होगा। वैसे भी अभी फल-सब्जियों के लिए भी बारिश की जरूरत थी। ऐसे में यदि प्री-मानसून दस्तक देता है तो यह सभी फसलों के लिए संजीवनी का काम करेगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App