20 तक गर्जन के साथ बारिश

By: Jun 15th, 2019 12:02 am

 शिमला  हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों सहित शिमला, सिरमौर, कुल्लू, मंडी, सोलन व चंबा में बारिश, तूफान व ओलावृष्टि फिर से कहर बरपा सकती है। मौसम विभाग ने राज्य के इन क्षेत्रों में बारिश, तूफान व ओलावृष्टि होने की चेतावनी जारी की है। विभाग की मानें तो राज्य में 20 जून तक मौसम खराब रहेगा। इस दौरान राज्य में कुछ जगह गर्जन के साथ बारिश होगी, जो प्रचंड गर्मी की मार झेल रहे लोगों के लिए राहत लेकर आ सकती है। शुक्रवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान एक से तीन डिग्री का उछाल आया है। ऊना का तापमान फिर से 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। इसके अलावा कांगड़ा, बिलासपुर व हमीरपुर में भी जनता को प्रचंड गर्मी की मार झेलनी पड़ रही है। राज्य के इन क्षेत्रों का तापमान 40 डिग्री के आंकडे़ के करीब है। केलांग व कल्पा के अधिकतम तापमान में सबसे अधिक तीन डिग्री की गिरावट आई है। इसके अलावा सुंदरनगर, भुंतर में दो, धर्मशाला, ऊना, कांगड़ा, बिलासपुर और चंबा के तापमान में एक डिग्री सेल्सियस तक का उछाल रिकार्ड किया गया है। अधिकतम तापमान के  साथ राज्य के न्यूनतम तापमान में भी उछाल आया है। मौसम विभाग के निदेशक डा. मनमोेहन सिंह ने खबर की पुष्टि की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App