200 कारोबारियों का किया बीमा

By: Jun 17th, 2019 12:10 am

बिलासपुर—व्यापार मंडल बिलासपुर की सदस्यता संख्या पांच सौ का आंकड़ा पार कर गई है। अहम बात यह है कि सभी सदस्यों को प्रमाण पत्र जारी किए गए हैं और अभी तक लगभग 200 सदस्यों को एक लाख के दुर्घटना बीमा कवर के दायरे में लाया गया है, जबकि शेष सदस्यों को बीमा कवर देने की प्रक्रिया जारी है। व्यापार मंडल ने जनरल हाउस का आयोजन करने का निर्णय लिया है, जिसकी रूपरेखा जल्द ही तैयार की जाएगी। रविवार को लेक व्यू कैफे में व्यापार मंडल के प्रधान सुनील गुप्ता की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में साहित्यकार कुलदीप चंदेल विशेष अतिथि तथा कमलेंद्र कश्यप पैटर्न इन चीफ व शान अली मुख्य सलाहकार के रूप में उपस्थित रहे। व्यापार मंडल बिलासपुर ने शहर में नए शौचालय निर्माण और नए पार्किंग स्थल बनाने की मांग की है, ताकि आम लोगों को जरूरी सुविधाएं मिल सकें। इस आशय का बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया है। इस अवसर पर विशेष अतिथि कुलदीप चंदेल ने कहा कि वर्तमान समय में व्यापार का बहुत महत्त्व है। सरकार ने इसका अलग मंत्रालय खोल रखा है, जो कि देश व विदेश की व्यापार संबंधी समस्याओं का निपटारा करते हुए व्यापारियों की सुविधा का ध्यान रखता है। व्यापार मंडल के प्रधान सुनील गुप्ता ने कहा कि व्यापार मंडल बिलासपुर की सदस्यता संख्या पांच सौ का आंकड़ा पार कर गई है। जिला मुख्यालय के बिलासपुर शहर के व्यस्त चौराहों पर लोगों की सुविधा के लिए शौचालयों का निर्माण शीघ्र होना चाहिए। बाहर से आने वाले लोगों खासकर महिला ग्राहकों को इस समस्या से सबसे अधिक परेशान होना पड़ता है। एक ईंट शहीद के नाम अभियान के तहत बिलासपुर के निर्माणाधीन युद्ध स्मारक के निर्माण कार्य के लिए व्यापार मंडल अपना सहयोग निरंतर जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल बिलासपुर का जनरल हाउस शीघ्र्र आयोजित किया जाएगा। इससे पहले व्यापार मंडल के महासचिव नरेंद्र गुप्ता व प्रमुख सदस्य केहर सिंह ठाकुर के निधन पर बैठक में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु प्रार्थना की गई। बैठक में राजपाल दबडा, जुबेश कांगा, विनय डोगरा, महासचिव सुरेंद्र गुप्ता, दीपक शर्मा, साहिल, देसराज, दीपक पाटिल व अपर्ण संत सहित कई अन्य सदस्य मौजूद थे।

शहर में स्ट्रीट लाइटें खराब, पेयजल पाइपों में लीकेज

बैठक मंे कहा गया कि शहर में स्ट्रीट लाइट पूरी तरह से काम नहीं करती है। पीने के पानी की पाइपें जगह-जगह फटी हंै। जिससे प्रतिदिन हजारों लीटर पानी व्यर्थ बहते हुए देखा जा सकता है।

होनहार बेटियों को प्रोत्साहित करेगा व्यापार मंडल

इसके अलावा कहा गया कि व्यापार मंडल अपने सदस्यों की उन बेटियों को प्रोत्साहित करेगा।,जो शैक्षणिक व अन्य गतिविधियों में सफलता के नए मुकाम हासिल करेंगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App