45 डिग्री पर तपा बीबीएन.. सन्नाटा पसरा

By: Jun 10th, 2019 12:05 am

नालागढ़—औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन के लोगों को सूर्यदेव के सितम का अभी और सामना करना पड़ेगा। 45 डिग्री तापमान की मार झेल रहे लोगों को फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं है। मौसम विभाग की मानें तो आने वाले दिनों में मौसम साफ व शुष्क रहेगा, अपितु मंगलवार को कहीं कहीं हल्की वर्षा होने की संभावना है। बता दें कि ज्येष्ठ माह की गर्मी ने लोगों के पसीने छुड़ा दिए है और गर्मी का थर्ड डिग्री टॉर्चर लगातार जारी है। सूर्यदेव का सितम लोगों पर कहर ढा रहा है और लोग भीष्ण गर्मी में झुलसने को बाध्य हो गए है।  आसमान से आग बरस रही है और सूर्यदेव अग्निवर्षा कर रहे है। ऐसे में पिछले कई दिनों से बारिश न होने के चलते पारा दिन प्रतिदिन चढ़ने लगा है। रविवार को नालागढ़ क्षेत्र का तापमान करीब 45 डिग्री के आसपास रहा, जिससे लोग भीष्ण गर्मी में पसीने से तर नजर आए जानकारी के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन में पारा दिन प्रतिदिन चढ़ने लगा है और इतनी भीष्ण गर्मी में लोग लू के थपेड़ों से दो चार होने लगे है। औद्योगिक क्षेत्र बीबीएन क्षेत्र में सूर्यदेव आग बरसाने लगे हैं। दिन प्रतिदिन गर्मी बढ़ती ही जा रही है और दिन चढ़ते ही सूर्यदेव भीष्ण गर्मी बरसाना शुरू कर देते हैं। सुबह सूर्य के निकलते ही ऐसा प्रतीत होता है कि दोपहर के 12 बज गए हो। धूप बढ़ने के साथ ऐसी तपिश महसूस होने लगती है। इसके बाद जैसे जैसे घड़ी की सूईयां आगे बढ़ती है, वैसे वैसे तापमान का पारा ऊपर चढ़ने लगता है। दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सन्नाटा पसर जाता है, गर्मी के तीखे तेवरों से हो रही परेशानी और बढ़ जाती है और लोगों को विभिन्न प्रकार की समस्या से जूझना पड़ जाता है। मौसम के इस तरह से रुख बदलने से लोग अब पंखें, कूलरों व एसी का सहारा लेने लगे हैं।  नौणी विवि के पर्यावरण विभाग के एचओडी डा.एस के भारद्वाज ने बताया आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहेगा, अपितु 11 जून को कहीं कहीं हल्की वर्षा पड़ने की संभावना है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App