55 लाख से होगा सुजानपुर का कायाकल्प

By: Jun 21st, 2019 12:05 am

सुजानपुर —सुजानपुर शहर का कायाकल्प 55 लाख रुपए से होगा। नगर परिषद द्वारा अब तक की इतनी बड़ी राशि एक साथ शहर के विकास कार्यों पर खर्च की जा रही है। शहर के वार्ड एक से लेकर नौ तक के लिए यह राशि विभिन्न विकास कार्यों के लिए जारी की गई है। यह राशि उन्हीं कामों पर खर्च होगी, जो कार्य लोकसभा चुनाव से पहले शुरू हुए थे और आचार संहिता लागू होने के कारण ठप पड़ गए थे। नगर परिषद अधिकारी एवं तहसीलदार सुजानपुर अशोक पठानिया ने बताया कि नगर परिषद शहर के सभी वार्डों में विकास कार्य शुरू करवाने जा रही है। गली निर्माण कार्य से लेकर सार्वजनिक रास्तों व डंगों का निर्माण एवं अन्य विकास कार्य इसमें शामिल किए गए हैं। उन्होंनेे बताया कि 55 लाख रुपए से करीब दो दर्जन विकास कार्य करवाए जाएंगे। इसमें मुख्य रूप से वार्ड नंबर दो नर्वदेश्वर मंदिर गली का आधा कार्य जो रह गया था, उसे पूरा करवाया जाएगा। इसके साथ ही नगर परिषद के द्वितीय धरातल पर बनाए गए बड़े हाल का निर्माण कार्य, जिसमें फ्लोरिंग और रंग रोगन कार्य होने है, उसे पूरा करवाया जाएगा। इसके साथ ही प्राकृतिक जल स्रोतों पानी की बावडि़यों का कायाकल्प सभी वार्डों में जहां-जहां जरूरत है, वहां पर पेबर टाइल डालकर गली निर्माण होगा। अधिकारी ने बताया कि 55 लाख रुपए से यह निर्माण कार्य शुरू होंगे। इसके लिए तमाम कार्य आबंटित किए जा चुके हैं और निर्माण कार्य भी एक सप्ताह के भीतर शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया कि शहर के वार्ड नंबर दो लिंक मार्ग का कार्य अगले विकास कार्य में शामिल किया गया है। गोशाला निर्माण कार्य जो अधूरा है, उसे अगले कार्य में डाला गया है। सुजानपुर बस स्टैंड के पिछली साइड खोदी गई सड़क का निर्माण कार्य अगले बजट कार्य में शामिल किया गया है। सांसद निधि एवं विधायक निधि के तहत जो भी राशि शहर के विकास कार्यों के लिए स्वीकृत हुई है, उस पैसे को भी आगामी विकास कार्यों की सूची में डाला जाएगा। नगर परिषद अधिकारी अशोक पठानिया ने पुष्टि करते हुए बताया कि जो भी विकास कार्य होने हैं, तमाम टेंडर प्रक्रिया पूरी करवाई जा चुकी है। कार्य ठेकेदारों को करने के लिए दे दिए गए हैं। एक सप्ताह के भीतर तमाम कार्य शुरू हो जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App