अब ज्वाइंट फ्रंट पर लड़ेंगे मुलाजिम

By: Jul 18th, 2019 12:01 am

बिजली बोर्ड कर्मचारियों ने आंदोलन के लिए बनाई रणनीति

शिमला – राज्य बिजली बोर्ड कर्मचारी और इंजीनियर्स ने ज्वाइंट फ्रंट का गठन कर आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर ली है। वर्ष 2010 में राज्य बिजली बोर्ड कर्मचारियों के संयुक्त फोरम के साथ साइन किए गए एग्रीमेंट की शर्तों को पूरा न करने को लेकर कर्मचारी मुखर हो गए हैं। राज्य बिजली बोर्ड के इंजीनियर्स और कर्मचारियों ने ज्वाइंट फं्रट का गठन कर आंदोलन पर जाने का निर्णय लिया है। बुधवार को कर्मचारियों की बोर्ड मुख्यालय कुमारहाउस में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों की सभी मांगों पर चर्चा की गई। बैठक में 16 सदस्यीय ज्वाइंट फ्रंट के गठन का निर्णय लिया गया है। इसमें इंजीनियर्स और अन्य कर्मचारियों को शामिल किया गया है। ज्वाइंट फ्रंट के संयोजक राजेश पठानिया ने कहा कि वर्ष 2010 में सरकार के साथ जो एग्रीमेंट साइन किया गया था, उसकी शर्तों को नहीं माना जा रहा है। बिजली बोर्ड के 958 पदों को खत्म कर दिया गया है। इससे बोर्ड में कार्यरत कर्मचारियों की पदोन्नतियां प्रभावित हो रही हैं। कर्मचारियों के साथ साइन किए गए एग्रीमेंट में जो भी शर्तें मानी गई थी उन्हें भी बोर्ड प्रबंधन व राज्य सरकार लागू नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही इन मांगों को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से मिलेंगे और उन्हें ज्ञापन सौंपेंगे। यदि उनकी मांगों को नहीं माना गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

कार्यकारिणी में ये भी

राजेश पठानिया को ज्वाइंट फ्रंट का संयोजक बनाया गया है। इसके अलावा एमजी शर्मा, डीएस ढटवालिया, कुलदीप खरवाड़ा, दुनी चंद ठाकुर, सुनील शर्मा, अजय कुमार जस्टा, प्रेमराज, तुशार गुप्ता, केसी भारती, आरडी अग्निहोत्री, हीरालाल वर्मा, एनके ठाकुर, दीपक जसरोटिया, रमेश चंद ठाकुर और नेकराम को सदस्य बनाया गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App