अब फिर दिखेगी ‘हिमाचल दर्शन’ में प्रदेश की संस्कृति

By: Jul 20th, 2019 12:02 am

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने किया शुभारंभ, फोरलेन की जद में आई गैलरी को फिर से किया पुनर्स्थापित

मंडी -फोरलेन की जद में आकर उजड़ गई हिमाचल दर्शन फोटो गैलरी को पुनर्स्थापित कर दिया गया है। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इसका विधिवत उद्घाटन किया। इसके साथ ही यह फोटो गैलरी जो देश भर के संग्रहालयों में अपना नाम दर्ज कर चुकी है। देश-विदेश के दर्शकों व पर्यटकों के लिए खुल गई। इसे फिर से मंडी-कुल्लू मार्ग पर मंडी से चार किलोमीटर दूर पहले वाले स्थान से कुछ हटकर बिंदराबणी में ही स्थापित किया गया है। पुरातत्व चेतना संघ द्वारा पुनर्स्थापित इस फोटो गैलरी का उद्घाटन करने के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि यह एक अद्भुत फोटो गैलरी है, जो एक ही छत्त के नीचे कुछ ही पलों में पूरे प्रदेश के दर्शन करवा देती है। उन्होंने कहा कि एक स्थान पर पूरे हिमाचल की संस्कृति, कला, इतिहास, जीवन शैली, मंदिर, मेले, त्योहारों व प्राचीन सभ्यता के दर्शन हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि एक बार उजड़ जाने के बाद फिर से इसे स्थापित करना एक बड़ा कठिन कार्य था, जो इसके संस्थापक व छायाकार बीरबल शर्मा के जुनून, लगन  व मेहनत को दर्शाता है। उन्होंने हिमाचल तब और अब को एक छत्त के नीचे देखने का सौभाग्य उन्हें प्राप्त हुआ। उन्होंने पुरातत्व चेतना संघ व छायाकार एवं संस्थापक बीरबल शर्मा व उनके सहयोगियों को बधाई दी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पूरे गैलरी में लगे छायाचित्रों को बड़ी दिलचस्पी व जिज्ञासा से देखा। इस गैलरी में लगभग 300 छायाचित्र प्रदर्शित किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर अद्भुत मंडी फोटो बुक का लोकार्पण भी किया। बीरबल शर्मा ने उन्हें इस मौके पर वाह हिमाचल फोटो बुक, जिसमें पूरे हिमाचल के सौंदर्य व हर विधा के चित्र हैं, का नवीनतम अंक भी भेंट किया।

सीएम ने विवरण पट्टिका का भी किया लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने इस फोटो गैलरी में उल्लेनीय योगदान देने वाली दो हस्तियों, जो अब इस दुनिया में नहीं हैं, डा. विद्या चंद ठाकुर व सीएल मल्होत्रा के चित्रों व विवरण पट्टिका का लोकार्पण भी किया। उन्होंने गैलरी में बनाए जा रहे म्यूजिम को भी देखा तथा इस काम को जारी रखने का आह्वान किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, अधिकारी व नेतागण मौजूद थे। इस मौके पर मुख्यमंत्री राहत कोष में 5100 रुपए का चेक भी मुख्यमंत्री को भेंट किया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App