अमरनाथ यात्रियों की ढाल बने जवान

By: Jul 5th, 2019 12:07 am

भू-स्खलन के चलते गिरे पत्थर के भारी-भरकम टुकड़े, जांबाजों ने मानव शांखला बनाकर बचाई कई शिवभक्तों की जान

श्रीनगर- प्राकृतिक आपदाओं की चुनौतियों के बीच पहली जुलाई से पवित्र अमरनाथ यात्रा शुरू हो चुकी है। 45 दिनों तक चलने वाली इस यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा में आईटीबीपी के जवान दिन-रात लगे हुए हैं। यात्रा के दौरान जब श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे थे, उसी दौरान पहाडि़यों में भू-स्खलन हो गया और पत्थर के बड़े-बड़े टुकड़े मार्ग की तरफ तेजी से आने लगे। सुरक्षा में तैनात जवान पत्थर के भारी-भरकम टुकड़ों के सामने चट्टान की तरह खड़े हो गए और बिना अपनी जान की परवाह किए पत्थरों को यात्रियों तक पहुंचने से रोकते रहे। अब इस वाकये का वीडियो सामने आया है, जिसको देखकर किसी की भी सांसें थम जाएंगी। वीडियो में साफ तौर पर दिख रहा है कि भू-स्खलन के बाद पत्थर का टुकड़ा तेजी से नीचे की तरफ गिरता है और यात्रा मार्ग की तरफ आने लगता है, जिस वक्त पत्थर का वह भारी-भरकम टुकड़ा नीचे की तरफ लुढ़क रहा था, उस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मार्ग से गुजर रहे थे। आईटीबीपी के जवानों ने यह देखकर तुरंत मार्ग से दूर मानव शृंखला बनाई और पत्थर के टुकड़े को मार्ग पर गिरने से रोक दिया। अगर वह पत्थर का टुकड़ा नीचे की तरफ यात्रा मार्ग पर गिरता तो निश्चित तौर कुछ श्रद्धालुओं की जान चली जाती और कुछ लोग घायल हो जाते, लेकिन आईटीबीपी के जवानों की मुस्तैदी काम आई और श्रद्धालु बाल-बाल बच गए। इस पूरे वाकये के वीडियो को आईटीबीपी के ट्विटर हैंडल से शेयर किया गया है जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग आईटीबीपी के जवानों की बहादुरी की तारीफ करते हुए उन्हें सलाम कर रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App