आज ओकओवर में भाजपा का मंथन

By: Jul 22nd, 2019 12:05 am

मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में इंदु गोस्वामी और रमेश धवाला के मसले पर भी होगी विस्तार से चर्चा

शिमला —सरकार और संगठन के बीच सोमवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सरकारी आवास ओकओवर में मंथन होगा। शाम छह बजे के बाद होने वाली इस अहम मीटिंग में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती सहित संगठन के उच्च पदाधिकारी भाग लेंगे। सूत्रों के मुताबिक इंदु गोस्वामी द्वारा प्रदेश महिला मोर्चा पद से इस्तीफा देने और राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला की नाराजगी पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। हालांकि इंदु गोस्वामी ने स्वेच्छा से इस्तीफा दिया है, लेकिन कहीं न कहीं संगठन और सरकार के मध्य तालमेल की कमी पर भी अंगुली उठ रही है।  से देखते हुए मुख्यमंत्री ने संगठन के पदाधिकारियों को एकजुट करने के लिए यह बैठक बुलाई है। बताया गया कि सरकार के सभी मंत्री, बोर्ड-निगमों के उपाध्यक्ष सहित पार्टी के पदाधिकारियों को बैठक में शामिल होने को कहा गया है। धर्मशाला और पच्छाद में होने वाले उपचुनाव से ठीक पहले महिला मोर्चा की अध्यक्ष इंदू गोस्वामी ने इस्तीफा दिया है, वहीं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला की नाराजगी से भी सरकार और संगठन में खलबली मच गई है। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष ने बैठक बुलाई है।  सूत्रों के मुताबिक बोर्ड एवं निगमों में चल रहे खाली कुछ पदों को भरने को लेकर भी मंथन होना है। अभी तक प्रदेश सरकार ने हिमाचल पर्यटन विकास निगम में उपाध्यक्ष और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड में चेयरमैन का पद नहीं भरा है। हालांकि पिछले साल पार्टी के कई नेताओं को बोर्ड एवं निगमों में उपाध्यक्षों की नियुक्ति कर दी थी, लेकिन प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एचपीटीडीसी को सीएम जयराम ने दूर रखा था। ऐसे में संभावनाएं जताई जा रही है कि सोमवार को होने वाली अहम बैठक में इन मसलों पर भी चर्चा की जाएगी।

पदाधिकारियों से मंत्रिमंडल विस्तार पर ली जाएगी राय

मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर संगठन के पदाधिकरियों की भी राय ली जाएगी। हालांकि इस मसले पर पार्टी हाईकमान की मंजूरी ली जाएगी, लेकिन इससे पहले सरकार और संगठन दोनों की राय भी ली जाएगी। जयराम कैबिनेट में अभी दो मंत्रियों के पद खाली चल रहे हैं। पूर्व मंत्री किशन कपूर सांसद बनने और पूर्व मंत्री अनिल शर्मा के इस्तीफे के बाद हे पद खाली चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री सदस्यता अभियान का लेंगे फीडबैक

सरकार और संगठन के बीच होने वाली बैठक में सदस्यता अभियान मसले पर भी चर्चा क जाएगी। हालांकि गत छह जुलाई से प्रदेश में भाजपा सदस्यता अभियान जारी है, लेकिन अब तक कितने नए सदस्य शामिल हुए, इसका पूरा फीडबैक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर लेंगे। सदस्यता अभियान यानी संगठन पर्व आगामी 11 अगस्त तक चलेगा।

धर्मशाला में चलेगी मेंबरशिप

भाजपा सदस्यता अभियान पर कार्यशाला धर्मशाला में होगी। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दुशयंत गौतम मुख्य वक्ता होंगे। प्रदेश भाजपा द्वारा प्रस्तावित 26 और 27 जुलाई को दो दिनों तक सदस्यता अभियान पर कार्यशाला चलेगी, जिसमें हर बूथ पर नए सदस्यों को पार्टी में शामिल करने पर चर्चा की जाएगी। यहां दुशयंत गौतम अब तक हुई मेंबरशिप का पूरा ब्यौरा भी लेंगे।

शक्ति प्रदर्शन से नहीं मिलेगा टिकट

उपचुनाव में दावेदारी जताने वालों को प्रदेशाध्यक्ष सत्ती की नसीहत

धर्मशाला —उपचुनाव के लिए टिकट के दावेदारों को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती ने  नसीहत दी है। उन्होंने कहा है कि पार्टी की बैठकों के दौरान सौ व्यक्तियों के साथ दावेदारी जताने या शक्ति प्रदर्शन से टिकट नहीं मिलेगा। उन्होंने कहा कि धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के लिए वर्षों से पार्टी के साथ जुड़े कार्यकर्ता को हह टिकट प्रदान की जाएगी। पार्टी आलाकमान को पता है कि जमीन से कौन कार्यकर्ता जुड़ा है तथा किसको टिकट प्रदान करनी है। रविवार को धर्मशाला में मंडल भाजपा के त्रिदेव सम्मान समारोह में जब संगठन महामंत्री पवन राणा कार्यकर्ताआें को संबोधित कर रहे थे तो धर्मशाला के अंतर्गत पद्दर पंचायत के पूर्व प्रधान राकेश चौधरी  आ पहुंचे और उनके समर्थक नारेबाजी करने लगे। इसके बाद कार्यकर्ताआें को संबोधित करते हुए प्रदेशाध्यक्ष ने बिना किसी का नाम लेते हुए कहा कि पार्टी की बैठकों में अपने साथ सौ कार्यकर्ताआें को लेकर आना और नारेबाजी करने का कोई फायदा नहीं है।  टिकट के लिए पार्टी हाइकमान का फैसला ही अंतिम होगा। उन्होंने कहा कि जैसे सावन महीने में शिव की पूजा के दौरान नंदी के कान में भगत अपनी इच्छा बताते हैं,  उसी प्रकार वे भी पार्टी के नंदी हैं तथा टिकटार्थी उनके कान में बात कह सकते हैं। चुनाव में जीत का अंतर भी कम से कम 20 हजार तक होना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App