आधे रेट पर चार दालें

By: Jul 19th, 2019 12:01 am

इस महीने राहत देगी सरकार, 30 से 40 रुपए के बीच होंगे प्रतिकिलो के दाम

शिमला  – हिमाचल के साढ़े 18 लाख राशनकार्ड धारकों के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार इस महीने लोगों को सबसिडी पर आधे से भी कम रेट पर दालों उपलब्ध करवाने जा रही है। सरकार की ओर से एक दाल पर 20 रुपए की सबसिडी दिए जाने की योजना है। इसके तहत उपभोक्ताओं को इस महीने डिपुओं में चार दाले उपलब्ध करवाई जाएंगी। इनमें दाल चना, मलका, उड़द और मूंग दाल को शामिल किया गया है। इसके लिए खाद्य आपूर्ति निगम ने गुरुवार को दालों की खरीद के लिए वर्क ऑर्डर जारी कर दिया है। यह ऑर्डर तीन महीनों की खरीद के लिए जारी किया गया है। ऑर्डर के तहत दाल चना 35 रुपए, मलका 30 रुपए, उड़द 35 रुपए और मूंग की दाल 40 रुपए किलो की दर से मिलेगी। बाजार में दालों के रेट अधिक बढ़ जाने के चलते यह निर्णय लिया गया है। एक दाल पर 20 रुपए की सबसिडी मिलने से उपभोक्ताओं को यह दाल 30 से 40 रुपए में उपलब्ध होगी। प्रधान सचिव खाद्य आपूर्ति ओंकार शर्मा ने बताया कि इसके लिए अगले तीन महीनों के एडवांस में टेंडर करने के खाद्य आपूर्ति निगम को आदेश दिए हैं, ताकि लोगों को समय पर डिपुओं में सस्ता राशन मिल सके। उन्होंने बताया सभी जिलों के जिला खाद्य नियंत्रकों को डिपुओं में दिए जा रहे दाल, आटा, चावल की गुणवत्ता जांचने के भी निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा यदि आवश्यक हो तो इसके सैंपल लेकर इन्हें जांच के लिए लैब में भेजा जाए। जांच के दौरान दालों की गुणवत्ता में कोई खामी पाई जाती है तो पूरे स्टॉक को ही बदला जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App