आम तोड़ते वक्त मधुमक्खियों ने काट खाया युवक

By: Jul 24th, 2019 12:05 am

भाखड़ा—माकड़ी ग्राम पंचायत के तहत मधुमक्खियों के हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। माकड़ी पंचायत के प्रधान संजीव चंदेल ने बताया कि जिस व्यक्ति की मृत्यु हुई उसका नाम पाली राम पुत्र गोगा राम था, जिसकी उम्र 45 वर्ष थी। बताया जा रहा है कि यह व्यक्ति आम के बगीचे में आम तोड़ने का काम कर रहा था, उसी दौरान आम के पेड़ पर मधुमक्खियों का छत्ता था। इस दौरान इन मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इस कारण पाली राम काफी घायल हो गया, उसे तत्काल नजदीक ही बीबीएमबी अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देकर घर भेज दिया था, लेकिन घर पहुंचने के बाद अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। इस पर उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, यहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने पीछे पत्नी, दो लड़के व एक लड़की छोड़ गया है। उधर, ग्राम पंचायत के प्रधान ने प्रशासन से मांग की है कि इस गरीब परिवार की उचित सहायता दी जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App