इमारत गिरी, दस की मौत

By: Jul 17th, 2019 12:07 am

मुंबई के डोंगरी में दर्दनाक हादसा, 40 से ज्यादा लोगों के दबे होने की आशंका

मुंबई —मूसलाधार बारिश से जूझने के बाद देश की आर्थिक राजधानी मुंबई के डोंगरी में मंगलवार को एक चार मंजिला इमारत ढह गई। इस हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि इमारत के मलबे में 40-50 लोगों के दबे होने की आशंका है। खबर लिखे जाने तक सात घायलों को मलबे से बाहर निकाला जा चुका था। घायलों को जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस ने कहा कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक 15 परिवार अभी भी मलबे में दबे हैं और उन्हें निकालने की कोशिश जारी है। यह बिल्डिंग 100 साल पुरानी है। हमारा पूरा फोकस मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालने पर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुंबई हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। पीएमओ के ट्वीट के मुताबिक पीएम मोदी ने कहा कि मुंबई के डोंगरी में इमारत ढहने की घटना पीड़ादायक है। मेरी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं, जिन्होंने अपनों को खो दिया है। मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। महाराष्ट्र सरकार, एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन राहत एवं बचाव अभियानों में जुटे हुए हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि डोंगरी इलाके में केसरबाई नाम की यह चार मंजिला इमारत लगभग 100 साल पुरानी थी। मंगलवार को करीब 11ः30 बजे अचानक इमारत गिर पड़ी। बताया जा रहा है कि इमारत गिरने से इसमें रह रहे तमाम लोग नीचे दब गए। रेस्क्यू के दौरान एक बच्चे को भी मलबे से बाहर निकाला गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App