उन्नाव: सियासत तेज, संसद से सड़क तक विपक्ष का हल्ला बोल

By: Jul 30th, 2019 2:06 pm

उन्नाव कांड पर सियासत गरमाती जा रही है। विपक्ष भारतीय जनता पार्टी पर लगातार हमलावर हो रहा है। मंगलवार को समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। यहां उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को सीधे निशाने पर लिया। अखिलेश ने कहा कि यूपी के सीएम पर भरोसा नहीं किया जा सकता। उनकी जानकारी में सब हुआ है। वहीं प्रियंका गांधी और मायावती ने भी सरकार पर मिलीभगत होने का आरोप लगाया है। वहीं डेप्युटी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा भी पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और घटना पर सफाई दी। केजीएमयू पहुंचे अखिलेश यादव ने कहा कि घटना ने उत्तर प्रदेश ही नहीं, देश की माताओं बहनों को हिला दिया है। आज के समय भी ऐसा हो रहा है। बेटी न्याय मांगने के लिए जा रही है तो उसे न्याय नहीं मिल रहा है। उसके पिता की हत्या पुलिस की निगरानी में हुई। पुलिस जानती थी। आत्मदाह के लिए लनखऊ आई तब आरोपी जेल भेजे गए। बीजेपी के विधायक (कुलदीप सिंह सेंगर) और सरकार पर उंगली उठ रही है। अखिलेश ने कहा कि वकील और पीड़िता जीवन के लिए लड़ रहे हैं। जीवन बचेगा या नहीं पता नहीं। बीजेपी के लोगों को नहीं भूलना चाहिए की इसी प्रदेश ने उन्हें पीएम (नरेंद्र मोदी) और राष्ट्रपति (रामनाथ कोविंद) दिया है। योगी मुख्यमंत्री हैं उनके कार्यकाल में ऐसा हो रहा है। होम मिनिस्टर लखनऊ में मौजूद थे, तब यह घटना हुई। योगी के कार्यकाल में यह हो रहा है… कौन जिम्मेदार है? सरकार और पुलिस जिम्मेदार है। यूपी के जेलों में क्या हो रहा है सब जानते हैं। जेल में हत्या हो गई। अपराधी क्या नहीं कर रहे हैं। 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App