एक नजर

By: Jul 20th, 2019 12:05 am

दिल्ली के पृथु गुप्ता भारत के 64वें ग्रैंडमास्टर

नई दिल्ली। दिल्ली के पृथु गुप्ता पुर्तगाल लीग 2019 के पांचवें दौर में आईएम लेव यांकेलेविच को हराकर 2500 अंक की ईएलओ रेटिंग पार करने के बाद भारत के 64वें ग्रैंडमास्टर बन गए। पृथु ने नौ साल की उम्र से शतरंज खेलना शुरू किया था। उन्होंने यह उपलब्धि 15 साल चार महीने और दस दिन में हासिल की। 31 वर्ष पहले विश्वनाथन आनंद भारत के पहले ग्रैंडमास्टर बने थे। दिग्गज आनंद ने अपने ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया, अब हम पूरे हो गए। 64वां ग्रैंडमास्टर। हमारे नए ग्रैंडमास्टर पृथु गुप्ता आपका स्वागत है। जवाब में पृथु ने भी आनंद का शुक्रिया अदा किया। इस युवा खिलाड़ी ने लिखा, शुक्रिया आनंद सर। आप हमेशा प्रेरणा का बड़ा स्रोत रहे हो।

मेघना रूस ओपन के सेमीफाइनल में

व्लाडिवोस्टक। भारत की मेघना जाकामपुडी ने शुक्रवार को यहां शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए 75000 डालर राशि के रूस ओपन बीडब्ल्यूएफ टूअर सुपर 100 बैडमिंटन टूर्नामेंट के मिश्रित और महिला युगल के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मेघना ने ध्रुव कपिला के साथ मिलकर रूस के माकसिम माकालोव और कैटरीना रियाजानतसेवा की जोड़ी को मिश्रित युगल मुकाबले में 21-3, 21-12 से शिकस्त दी। आठवीं वरीयता प्राप्त जोड़ी की भिड़ंत अब इंडोनेशिया के अदनान मौलाना और मिशेल क्रिस्टिन बंडासो की सातवीं वरीय जोड़ी से होगी। मेघना ने फिर महिला युगल जोड़ीदार पूर्विशा एस राम के साथ मिलकर विक्टोरिया कोजीरेवा और मारिया सुखोवा की एक अन्य स्थानीय जोड़ी को 21-19 21-11 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई।

ओलंपिक में तैरते होटलों पर विचार

योकोहामा। जापान में अगले साल ओलंपिक खेलों का आयोजन होने जा रहा है। जापान का शहर टोक्यो  ओलंपिक गेम 2020 की मेजबानी करने को तैयार है। ओलंपिक खेलों के दौरान टोक्यो शहर में होटलों की कमी पड़ सकती है। इस समस्या को हल करने के लिए जापान की सरकार ने फैसला किया है कि वह होटलों की कमी को दूर करने के लिए क्रूज जहाजों को पानी पर तैरते होटलों में बदल सकती है। ओलंपिक खेलों को देखते हुए टोक्यो में जबरदस्त निर्माण कार्य हुआ, लेकिन इसके बाद भी टोक्यो में कम से कम 14000 कमरे कम पड़ सकते हैं। स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि बड़े-बड़े जहाजों को अस्थायी रूप से होटलों में बदला जा सकता है। ऐसा करके कमरों की कमी को काफी हद तक दूर किया जा सकता है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App