खाकी पहनने के लिए खूब बहाया पसीना

By: Jul 20th, 2019 12:06 am

1111 युवाओं ने दिया ग्राउंड टेस्ट, 603 ने पास किया मैदान

हमीरपुर -पुलिस भर्ती के अंतिम दिन युवतियों ने मैदान में जमकर पसीना बहाया। शुक्रवार को पुलिस कांस्टेेबल पुरुष, महिला कांस्टेबल व कांस्टेबल ड्राइवर के पदों पर भर्ती आयोजित हुई। सुबह पांच बजे से ही ग्राउंड टेस्ट शुरू हो गया था। अंतिम दिन विभाग ने 1497 युवाओं को बुलाया था। भर्ती में भाग लेने के लिए 1111 युवा ही पहुंचे। इनमें 225 पुरुष, ड्राइवर के लिए 46 व महिला आरक्षी की भर्ती के लिए 840 युवतियां पहुंची। पुलिस में भर्ती होने का जुनून सभी पर हावी था। मैदानी जंग में सभी ने जमकर कसरत की। हालांकि 1111 में से सिर्फ 603 ही मैदानी जंग जीत सके हैं। इनमें से 508 मैदानी टेस्ट में ही बाहर हो गए। बता दें कि पुलिस भर्ती का आयोजन पिछले तीन दिनों से किया जा रहा था। चौथे व अंतिम दिन पुलिस कांस्टेबल, कांस्टेबल ड्राइवर व महिला आरक्षी के पदों पर भर्ती हुई। हमीरपुर मंे पुलिस विभाग में 88 पद भरे जाएंगे। इनमें महिला आरक्षी के 16, चालक के 16 व 58 पुलिस कांस्टेबल पुरुष के हैं। चार दिनों मंे 2522 युवाओं का भर्ती होने का सपना टूट गया। मैदानी जंग में ही ये भर्ती प्रक्रिया से बाहर हो गए हैं। इनमें पुरुष 2106, पुरुष ड्राइवर 23 व युवतियां 414 शामिल रहीं। अंतिम दिन भी भर्ती प्रक्रिया में ब्राड जंप व 1500 मीटर की दौड़ी बड़ी बाधा बनकर सामने आई। सबसे अधिक युवा इन दो चरणों में ही ढेर हो गए। ग्राउंड टेस्ट पास करने वाले युवाओं को अब लिखित परीक्षा से गुजरना होगा। मैरिट के आधार पर युवाओं चयन किया जाएगा। इसकी पुष्टि पुलिस अधीक्षक हमीरपुर अर्जित सेन ने की है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App