खेलो इंडिया का विस्तार

By: Jul 6th, 2019 12:06 am

खिलाडि़यों के विकास को राष्ट्रीय खेल शिक्षा बोर्ड का गठन करेगी सरकार

नई दिल्ली -सरकार ने अपनी प्रमुख खेल योजना ‘खेलो इंडिया’ को विस्तार देते हुए शुक्रवार को अपने दूसरे कार्यकाल के पहले बजट में राष्ट्रीय खेल शिक्षा बोर्ड  का गठन करने की घोषणा की, लेकिन खेलों के लिए अंतरिम आबंटन में की गई व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं किया। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश करते हुए इस साल फरवरी को तत्कालीन वित्त मंत्री पीयूष गोयल द्वारा पेश किए गए अंतरिम बजट में किए गए आबंटन को जस का तस रहने दिया। वित्त मंत्री ने वर्ष 2019-20 के लिए आम बजट पेश करते हुए कहा, अक्तूबर, 2017 में शुरू की गई खेलो इंडिया योजना ने पूरे देश में स्वास्थ्य के अभिन्न भाग के रूप में खेलों की जागरूकता सृजित की है। सरकार खेलो इंडिया का विस्तार करने और सभी जरूरी वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए वचनबद्ध है। उन्होंने कहा, सभी स्तरों पर खेलों को लोकप्रिय बनाने के लिये खेलो इंडिया योजना के अंतर्गत खिलाडि़यों के विकास के लिए राष्ट्रीय खेल शिक्षा बोर्ड का गठन किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण मंत्रालय के लिए फरवरी में पेश किए अंतरिम बजट में 214.2 करोड़ रुपए की वृद्धि की गई थी। आबंटित राशि में पिछले साल के 2002.72 करोड़ रुपए की तुलना में 2216.92 करोड़ रुपए किया गया था। भारतीय खेल प्राधिकरण को पिछले साल संशोधित बजट में 395 करोड़ रुपए आबंटित किए गए थे, जिसमें 55 करोड़ रुपए की बढ़ोतरी की गई थी। साई को 2019-20 के बजट में 450 करोड़ रुपए आबंटित किए गए थे। खेलो इंडिया कार्यक्रम के लिए बजट 550.69 करोड़ रुपए (संशोधित अनुमान) से बढ़ाकर 601.00 करोड़ रुपए कर दिया गया है। खिलाडि़यों को प्रोत्साहन और पुरस्कार की राशि पिछले बजट के संशोधित अनुमान में 316.93 करोड़ और 2017-18 में 299.27 करोड़ रुपए थी, जो बढ़ाकर 411 करोड़ रुपए कर दी गई है। इसमें खिलाडि़यों को प्रोत्साहन राशि 63 करोड़ रुपए से बढ़ाकर 89 करोड़ रुपए और राष्ट्रीय खेल विकास कोष को आबंटन दो करोड़  से बढ़ाकर 68 करोड़ रुपए कर दिया गया है। राष्ट्रीय खेल महासंघों को दी जाने वाली सहायता राशि कमोबेश जस की तस है। पिछले बजट में एनएसएफ को 245.13 करोड़ रुपए दिए गए थे, जिन्हें अब 245 करोड़ रुपए आबंटित किए गए हैं।

खेल मंत्री ने किया स्वागत

खेल मंत्री कीरेन रिजिजू ने खेलों के लिए नए बजट प्रस्तावों का स्वागत किया। उन्होंने ट्वीट किया, भारत के संपूर्ण खेल समुदाय की तरफ से मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारणम का बजट 2019 में खेलो इंडिया के तहत खिलाडि़यों के लिए राष्ट्रीय खेल शिक्षा बोर्ड के गठन की घोषणा करने के लिए आभार व्यक्त करता हूं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App