चंडीगढ़ शहर में दो अंडरपास बनाने की तैयारी

By: Jul 17th, 2019 12:01 am

चंडीगढ़ -चंडीगढ़ में निर्माणाधीन दो अंडरपास की हालात का जायजा लिए बिना चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर में दो और अंडरपास बनाने की योजना बनाई है। यूटी के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर का कहना है कि शहर में जल्द ही सबसे व्यस्त सड़कों व विकास मार्ग पर दो अंडरपास बनाए जाएंगे, ताकि यहां ट्रैफिक की समस्या का समाधान किया जा सके। बताया जाता है कि इस प्रस्तावित योजना के अनुसार मध्य मार्ग पर, सेक्टर -12 और 14 (पीजीआई और पंजाब विश्वविद्यालय के पास) अंडरपास की योजना बनाई गई है।  विकास मार्ग पर सेक्टर 43 (आईएसबीटी) और सेक्टर -52 की विभाजित सड़क के पास भी अंडरपास बनाने की योजना बनाई गई है। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर इन दोनों योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए सलाहकार नियुक्त करेगा। इसके अतिरिक्त इन मार्गों पर ट्रैफिक की डेनसिटी, इन मार्गों से गुजरने वाली भूमिगत सेवाओं के संबंध में भी अध्ययन किया जाएगा।   ज्ञात रहे कि इससे पूर्व भी चंडीगढ़ की सांसद किरण खेर  ने लोकसभा चुनावों के दौरान मनीमाजरा में निर्माणाधीन अंडरपास को अपनी उपलब्धियों में गिनाया था व लोगों के लिए नासूर बन गया है। गत एक वर्ष से अधिक समय बीत जाने से यहां रेलवे क्रासिंग पर अंडरपास बनने का काम चालू है जिस कारण यहां ट्रैफिक की समस्या बनी है। इतना ही नहीं इस बरसात में तो वहां पानी भी भर गया, जिससे आसपास के मकानों  के लिए खतरा पैदा हो गया है। वर्ष 2018 में इस अंडरपास के निर्माण की आधारशिला सांसद किरण खेर ने ही रखी थी। सूत्रों के अनुसार नई परियोजनाओं की लागत का अभी अनुमान नहीं लगाया गया है। अभी तक केवल संभावनाओं पर विचार किया गया है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App