चंद्रयान 2 लॉन्च: भावुक हुए इसरो चीफ कहा सात दिनों से घर-परिवार छोड़कर जुटी रही टीम

By: Jul 22nd, 2019 4:43 pm

चंद्रयान-2: सफल लॉन्चिंग पर बोले ISRO चीफचंद्रयान 2 मिशन की सफल लॉन्चिंग होने पर टीम को बधाई देते हुए इसरो के चेयरमैन के. सिवन भावुक हो उठे। उन्होंने चंद्रयान के सफल प्रक्षेपण को विज्ञान एवं तकनीक के लिहाज से भारत के लिए ऐतिहासिक दिन करार दिया। लॉन्चिंग की सफलता से गदगद इसरो चीफ ने रूंधे गले से सभी टीमों की प्रशंसा की और कहा, ‘आपने जिस तरह अपना घर-बार छोड़कर, अपने हित-अहित को नजरअंदाज कर रात-दिन एक कर दिया, उसके लिए मैं आपको दिल से सलाम करता हूं।’ उन्होंने कहा, ‘आप पिछले सात दिनों से अपने परिवारों को भूलकर, अपने हितों का त्याग कर लगे हुए थे और स्नैग को पूरी तरह ठीक कर दिया।’ 

सिवन ने बताया, बहुत जल्दी सुधारी तकनीकी खामी 
इसरो चीफ ने तकनीकी खामी को महज 5 दिनों में ही दूर करने के लिए टीम का आभार जताया। बता दें कि 15 जुलाई क्रायोजेनिक इंजन में लीकेज के कारण लॉन्चिंग को टाल दिया गया था। फिर इसके लिए 22 जुलाई की तारीख तय की गई। डॉ. सिवन ने कहा, ‘पता नहीं अचानक चंद्रयान में तकनीकी खामी कैसे आ गई। लेकिन, इतने विशाल कार्य को इतना जल्दी पूरा कर देने में टीम इसरो ने जो जज्बा दिखाया, उसे सलाम करता हूं।’ उन्होंने इसरो के इंजिनियरों, टेक्निशियनों, टेक्निकल स्टाफ समेत तमाम टीमों का अभिवादन किया और शुक्रिया कहा। हालांकि, यह भी कहा कि अभी काम खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, ‘हमारा काम पूरा नहीं हुआ है। हमें मिशन टीम को चंद्रयान 2 मिशन चांद के दक्षिणी ध्रुव की ओर लाने में मेहनत करनी होगी।’ 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App