टल गया चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण

By: Jul 16th, 2019 12:05 am

ऐन वक्त पर सामने आई खामी, लांचिंग की नई तारीख का जल्द होगा ऐलान

श्रीहरिकोटा-भारत ने सोमवार तड़के होने वाले चंद्रयान-2 के प्रक्षेपण को तकनीकी खामी की वजह से टाल दिया। इसके लिए अब नई  तारीख की घोषणा की जाएगी। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने ट्वीट करते हुए कहा कि प्रक्षेपण यान प्रणाली में टी-56 मिनट पर तकनीकी खामी दिखी। एहतियात के तौर पर चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण फिलहाल टाल दिया गया है। नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। सोमवार तड़के 2.51 बजे होने वाले प्रक्षेपण की उल्टी गिनती 56 मिनट 24 सेकंड पहले मिशन नियंत्रण कक्ष से घोषणा के बाद रात 1.55 बजे रोक दी गई। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद प्रक्षेपण देखने के लिए श्रीहरिकोटा में ही थे। इसरो की ओर से प्रक्षेपण टालने की आधिकारिक पुष्टि किए जाने से पहले भ्रम की स्थिति बनी रही। इसरो के सह-निदेशक (जनसंपर्क) बीआर गुरुप्रसाद ने कहा कि प्रक्षेपण यान प्रणाली में टी-56 मिनट पर एक तकनीकी खामी दिखी। एहतियात के तौर पर चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण टाल दिया गया है। (लांच) विंडो के अंदर प्रक्षेपण करना संभव नहीं है। प्रक्षेपण की नई तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी। अंतरिक्ष एजेंसी ने इससे पहले प्रक्षेपण की तारीख जनवरी के पहले सप्ताह में रखी थी, लेकिन बाद में इसे बदलकर 15 जुलाई कर दिया था। चंद्रयान-2 को जीएसएलवी मार्क-।।।-एम-1 रॉकेट के जरिए चांद पर ले जाया जाना था। श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से होने वाले प्रक्षेपण पर पूरे देश की निगाहें लगी थीं। इस 3850 किलोग्राम वजनी अंतरिक्ष यान को अपने साथ एक ऑर्बिटर, एक लैंडर और एक रोवर लेकर जाना था। जीएसएलवी मार्क-।।।-एम-1 रॉकेट के साथ 978 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण होने की स्थिति में इसे चंद्रमा तक पहुंचने में 54 दिन लगते।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App