डलहौजी में रोपे जाएंगे एक लाख दस हजार पौधे

By: Jul 17th, 2019 12:05 am

डलहौजी —वनमंडल डलहौजी में क्षेत्र को और बढ़ाने व हरा-भरा रखने के उद्देश्य से वन विभाग इस बार वन महोत्सव के दौरान पांच दिनों में विभिन्न प्रजातियों के एक लाख दस हजार पौधे रोपेगा। उल्लेखनीय है कि इस विशेष वन महोत्सव का शुभारंभ मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर 19 जुलाई को मंडी जिला के पनारसा से करेंगे। यह जानकारी वनमंडलाधिकारी डलहौजी राकेश कटोच ने दी। उन्होंने बताया कि इस कड़ी में वन विभाग ने पांच दिन तक चलने वाले इस पौधरोपण अभियान की पूरी रूपरेखा तैयार कर पूरी तैयारियां कर ली गई है, जिसके तहत डलहौजी वन मंडल में बीस जुलाई से चौबीस जुलाई तक चलने वाले इस विशेष अभियान के अंतर्गत 25 स्थानों को चिन्हित कर 135 हेक्टेयर भूमि पर एक लाख दस हजार पौधे रोपने का लक्ष्य रखा गया है। इस अभियान को सफल रूप देने के लिए वन कर्मचारियों के अलावा जनसहभागिता से पौधारोपण के दौरान बान, देवदार, कचनार, आंवला, हरड़, वेहड़ा और फलदार पौधे भी रोपे जाएंगे, जिसके तहत क्षेत्र की गैर सरकारी संस्थाओं, युवक व महिला मंडल, स्थानीय निकायों और पंचायतों को भी शमिल किया गया। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान गांवों में लोगों को पौधरोपण के बारे में जागरूक किया जाएगा, जिससे लक्ष्य से भी ज्यादा पौधों का रोपण किया जा सके। उन्होंने कहा कि आज का पौधारोपण आगामी पीढ़ी की नींव है। उन्होंने यह भी बताया कि इस विशेष अभियान के अलावा इस प्लांटिंग सीजन में वन मंडल डलहौजी में करीब दो लाख नए पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने इस पौधरोपण अभियान को जन आंदोलन बनाने के लिए लोगों से बढ़-चढ़कर इस अभियान में शामिल होकर इनके संरक्षण व सुरक्षा में भी सहायता करने का आह्वान किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App