दिल्ली में मिलेगा घराट का आटा, कुल्थ की दाल

By: Jul 23rd, 2019 12:01 am

प्रगति मैदान में पहली अगस्त से सजेंगे हिमाचल के केमिकल फ्री उत्पाद, नेचुरल फार्मिंग पर आधारित कार्यक्रम में जाएंगे प्रदेश के किसान

 शिमला —हिमाचल में प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों के लिए खास खबर है। अब दिल्ली के प्रगति मैदान में हिमाचल के केमिकल-फ्री प्रोडक्ट देखने को मिलेंगे। दरअसल केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद नेचुरल फार्मिंग से उगाए गए 15 विभिन्न प्रोडक्ट के स्टाल दिल्ली में लगाई जाएंगे। जानकारी के अनुसार पहली से तीन अगस्त तक लगने वाले ये स्टाल पूरी तरह से नेचुरल फार्मिंग पर आधारित होंगे। हिमाचल से सात से आठ जिलों के किसानों को दिल्ली के एक्सपो कार्यक्रम में जाने का अवसर दिया जाएगा। अहम यह है कि राज्य के 11 प्रोडक्ट कृषि विभाग ने फाइनल किए हैं, जो केंद्र द्वारा आयोजित कार्यक्रम में लगाए जाएंगे। इन प्रोडक्ट में सेब, नाशपाती, राजमाह, माश, कुलथ, घराट का आटा, शिमला मिर्च, करेला, बैंगन, बीन, फ्रांसबीन, खीरा, अरबी के पते, हल्दी, धनियां शामिल हैं। खास बात है यह है कि विभाग उन किसानों को ही लेकर जाएगा, जो यह सभी प्रोडक्ट बिना अंग्रेजी खाद यानी केमिकल-फ्री दवाइयों से उत्पादित करते हों। केंद्र सरकार के निर्देशों के बाद पहली बार किसानों को फायदा पहुंचाने के लिए यह स्टाल केवल प्राकृतिक खेती पर ही अधारित की गई है। सूत्रों की मानें तो निचले क्षेत्रों के किसानों का चयन विभाग ने कर भी लिया है। इसमें हल्दी, धनियां, अरबी व कई प्रोडक्ट शामिल हैं। बता दें कि इससे पहले दिल्ली में होने वाले एक्सपो कार्यक्रम में ऑर्गेनिक खेती से तैयार किए गए खाद्य प्रोडक्ट ही जाते थे। ऐसा पहली बार हो रहा है कि किसानों को फायदा पहुंचाने के मकसद से प्राकृतिक खेती से तैयार किए गए प्रोडक्ट दिल्ली ले जाए जा रहे हैं। जानकारी यह भी मिली है कि कृषि विभाग खुद इन किसानों को लेकर जाएगा। बता दें कि नेशनल स्तरीय इस स्टाल में नाम व मोबाइल नंबर के साथ बड़ी नेमप्लेट भी लगाई जाएंगी। इससे यह फायदा होगा कि किसानों के प्रोडक्ट की पब्लिसिटी भी हो जाएगी। इस दौरान हिमाचल के किसान दूसरे राज्यों से आए किसानों से भी प्राकृतिक खेती के टिप्स ले सकते हैं।

दिल्ली में मिलेगा घराट का आटा 

हिमाचल में मशहूर घराट में पीसा जाने वाला आटा भी दिल्ली में मंत्रियों से लेकर लोगों को रिझाने का प्रयास करेगा। शिमला सहित सोलन जिले के घराट में पीसे जाने वाले आटे को कृषि विभाग स्टाल में ले जा सकता है।

रोहडू का सेब भी रहेगा अहम

दिल्ली के एक्सपो कार्यक्रम में रोहड़ू का सेब भी खूब धमाल मचाएगा। कृषि विभाग इास कार्यक्रम में रोहड़ू के सेब की स्टाल प्रमुख रूप से लगाने जा रहा है। हालांकि इसके अलावा  ठियोग, चौपाल  के सेब भी तैयार होने पर लगाए जा सकते हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App