नए राज्यपाल आज लेंगे शपथ

By: Jul 22nd, 2019 12:05 am

कलराज मिश्र बोले, करूंगा संवैधानिक मर्यादाओं का पालन

शिमला —प्रदेश के नए राज्यपाल के रूप में कलराज मिश्र सोमवार शाम को शपथ लेंगे। प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायधीश उन्हें शपथ दिलाएंगे। नए राज्यपाल के रूप में शपथ लेने के लिए कलराज मिश्र रविवार शाम को शिमला पहुंचे। यहां राजभवन पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया।  कलराज मिश्र  हिमाचल प्रदेश के 26वें राज्यपाल के रूप में शपथ लेंगे। उनके शिमला आने पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, नगर निगम की महापौर कुसुम सदरेट, मुख्य सचिव बी.के. अग्रवाल, पुलिस महानिदेशक एसआर मरड़ी, प्रदेश सरकार के वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य ने राजभवन में उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने कलराज मिश्र को बधाई देते हुए हिमाचल प्रदेश में उनका स्वागत किया। उन्होंने कलराज मिश्र को पहाड़ी टोपी और शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इससे पूर्व अनाडेल हेलिपैड पर शिक्षा मंत्री सुरेश भारद्वाज तथा शिमला के उपायुक्त अमित कश्यप, पुलिस अधीक्षक उमापति जम्वाल तथा अन्यों ने कलराज मिश्र का स्वागत किया। वह राज्य सरकार के हेलिकाप्टर से शिमला आए। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राज्यपाल का पद एक संवैधानिक प्रमुख है और कोशिश रहेगी कि संवैधानिक मर्यादाओं के विपरीत कार्य न हो और सदन भी ठीक ढंग से चले।

रह चुके हैं प्रभारी

कलराज मिश्र इससे पहले भी हिमाचल आ चुके हैं और यहां पर भाजपा संगठन की जिम्मेदारी भी उनके पास रही है। हिमाचल भाजपा के चुनाव प्रभारी के रूप में उन्होंने अपनी सेवाएं दी हैं और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ उनके बेहतर संबंध रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App