नारकंडा मंडी में सेब ने दी दस्तक

नारकंडा—पर्यटक नगरी नारकंडा की सेब मंडी में सेब ने दस्तक दे दी है। सीजन के शुरूआती दौर में टाइडमैन, स्पर सहित रायल के अच्छे भाव मिलने से क्षेत्र के बागबान खुश है। नारकंडा के एकांतबाड़ी में जेएमडी ब्लूम ट्रेडर्ज फल मंडी में इस वर्ष की सेब खरीद की शुरूआत हुई। पहले दिन इस मंडी में स्पर 3150, रॉयल सेब 1800 से 2500 रुपऐ तक, रेड गोल्डन 1000 से लेकर 1400 रुपए तक, टाइडमैन 1200 से लेकर 1700 तक तथा नाशपाती 1000 तक रुपए प्रति पेटी के हिसाब से बिकी। ऊपरी शिमला में मध्यम व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब तुड़ान का कार्य शुरू हो चुका है। सेब सीजन शुरू होते ही पर्यटन नगरी नारकण्डा में बाहरी राज्यों के आढ़ती, खरीददार तथा सेब बागबानों की चहल कदमी शुरू हो चुकी हैै। गत वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष सेब मूल्य में काफी उछाल देखने को मिल रहा है। सेब बेचने मंडी में आये बागबानो ने बताया कि बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष सेब के दाम बेहतर मिल रहे है। इससे उनके साल भर की मेहनत का अच्छा फल मिल रहा है। जेएमडी ब्लूम ट्रेडर फल मंडी के संचालक दलीप कैंथला ने बताया कि लोग रेट के उछाल के चलते कच्चा व हरा सेब न तोड़े अन्यथा सेब मूल्य में गिरावट आ सकती है। बागबान अपनी फसल बिना रंग की स्प्रे किये माल को पूरी तरह से तैयार होने के पश्चात ही मंडियों में लाए। हालही में टाइडमैन के रेट में भी एकदम गिरावट आई है क्योंकि लोगों ने रेट के चक्कर में कचे माल भेजे थे जिस कारण दूर के खरीददारों का माल मंडियों में पहुंचने से पहले ही खराब हो गया था। गौरलतब है कि इस वर्ष मध्यम व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेब की फसल कम हैं, लेकिन मंडी में अच्छे रेट मिलने से सेब बागबानों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है।