नाराज़ नेताओं को एकजुटता का पाठ

By: Jul 23rd, 2019 12:02 am

सरकार-संगठन के बीच हुआ चिंतन, सीएम ने आपस में मामला सुलझाने का किया आह्वान

 शिमला —भाजपा के कुछ नेताओं की नाराजगी दूर करने के लिए सोमवार को होटल पीटरहॉफ में सरकार और संगठन के बीच चिंतन हुआ। हालांकि यह बैठक पहले मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर में होनी थी, लेकिन पार्टी पदाधिकरियों की संख्या अधिक होते देख एक दम होटल पीटरहॉफ में करने का फैसला हुआ। सरकार और संगठन के बीच हालांकि सब कुछ सही चल रहा है, लेकिन योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला और महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष इंदु गोस्वामी की नाराजगी चल रही है। इसे दूर करने के लिए ही मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पार्टी अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती सहित उनके सहयोगी मंत्री और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ मीटिंग की। सोमवार शाम साढ़े छह बजे से यह बैठक शुरू हुई और देर रात तक चली। इस बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल भी मौजूद रहे। सूत्रों के मुताबिक सरकार और संगठन में कुछ नेताओं की नाराजगी दूर करने के लिए सीएम जयराम ठाकुर और पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल ने एकजुटता का पाठ पढ़ाया। पार्टी के दोनों वरिष्ठ नेताओं ने गतिरोध को आपस में मिलकर दूर करने की बात ही। इसके साथ-साथ धर्मशाला और पच्छाद में होने वाले उपचुनाव पर विस्तार से चर्चा की। हालांकि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने साफ कह दिया है कि योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला और महिला मोर्चा की पूर्व अध्यक्ष इंदु गोस्वामी की पार्टी में किसी तरह की कोई नाराज़गी नहीं है। थोड़ी-बहुत नाराज़गी होगी, तो उसे सब मिल बैठकर दूर करेंगे। मंत्रिमंडल विस्तार पर मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि पच्छाद व धर्मशाला के उपचुनाव के बाद ही मंत्रिमंडल विस्तार होगा। उससे पहले मंत्रिमंडल विस्तार की संभावना नहीं है। इस बैठक में सरकार के अधिकांश मंत्री उपस्थित रहे, जबकि शहरी विकास मंत्री सरवीण चौधरी, स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार नदारद रहे। बोर्ड एवं निगमों में चल रहे खाली कुछ पद भरने को लेकर भी चर्चा हुई।

सदस्यता अभियान पर भी ली फीडबैक

सरकार-संगठन के बीच सोमवार को अहम बैठक में सदस्यता अभियान मसले पर भी चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सदस्यता अभियान पर फीडबैक भी ली। हालांकि छह जुलाई से प्रदेश में भाजपा सदस्यता अभियान जारी है, लेकिन अब तक कितने नए सदस्य शामिल हुए, इसकी पूरा फीडबैक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ली।

धवाला ने रखा पक्ष, काम में दखल दे रहे कुछ लोग

योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष रमेश धवाला ने सरकार और संगठन के समक्ष अपना पक्ष रखा। सूत्रों के मुताबिक रमेश धवाला ने कहा कि पार्टी के अंदर कुछ लोग कामकाज में दखलअंदाजी कर रहे हैं, जो सही नहीं हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार से मेरी कोई नाराजगी नहीं है, लेकिन संगठन के अंदर कुछ नेता दखलअंदाजी करने से बाज नहीं आ रहे। उनका कहना है कि संगठन और सरकार दोनों मिलकर चलने से प्रदेश का विकास होगा। इस बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने ऐसी नाराजगी दूर करने का आश्वासन दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App