पर्यवेक्षक तय करेंगे कांग्रेस कार्यकारिणी

शिमला —कांग्रेस को प्रदेश में नई कार्यकारिणी बनाने  के लिए पर्यवेक्षक दिशा दिखाएंगे। यह पर्यवेक्षक बताएंगे कि कार्यकारिणी में कौन व्यक्ति किस पद पर होना चाहिए। जिलों में ब्लॉक कार्यकारिणी से इसका नया स्वरूप तय किया जाएगा और इसके लिए जल्द ही कांग्रेस पर्यवेक्षकों की नियुक्तियां करने जा रही है। सूत्रों के अनुसार पार्टी अगले तीन-चार दिन में पर्यवेक्षकों की सूची जारी कर देगी। यहां 68 विधानसभा क्षेत्रों में सभी में पर्यवेक्षक लगाए जाएंगे, जो ब्लॉक स्तर तक जाकर अपनी रिपोर्ट पार्टी को देंगे। इन्हें करीब तीन सप्ताह में अपनी रिपोर्ट देनी होगी और इसी रिपोर्ट के आधार पर कांगे्रस की नई कार्यकारिणी का गठन कर दिया जाएगा।  बताया जाता है कि इस रिपोर्ट के आधार पर जहां ब्लॉक अध्यक्षों को लगाया जाएगा, वहीं जिलों के अध्यक्षों का भी नाम तय हो जाएगा। इसके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी में कौन लोग आने चाहिए और किसे कौन सा पद मिलना चाहिए, इसे भी तय किया जाएगा। अभी तक हाइकमान ने यहां पर पुरानी कार्यकारिणी को भंग किए जाने के आदेश नहीं दिए हैं। फिलहाल वर्तमान कार्यकारिणी काम कर रही है लेकिन पाटी फिलहाल कोई आयोजन नहीं कर रही है जिसमें इन पदाधिकारियों की सहभागिता ली जाए। कुछ पदाधिकारी पहले से ही संगठन के कार्यों में दिलचस्पी नहीं दिखा रहे हैं वहीं कुछ लोगों ने अपने त्यागपत्र भी दे दिए हैं। अभी तक प्रदेश कांग्रेस की नई कार्यकारिणी के प्रस्ताव पर दिल्ली में चर्चा नहीं हुई है क्योकि वहां पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का पेंच फंसा है लेकिन इससे पहले यहां प्रदेश कमेटी ने पर्यवेक्षक लगाए जाने का प्रस्ताव हाइकमान को दिया है। इस सूची को मंजूरी मिलने के बाद यहां पर नई कार्यकारिणी के गठन की दिशा में कांग्रेस पाटी आगे बढ़ेगी।

अभी तक सुक्खू के लगाए पदाधिकारी

कुलदीप राठौर के अध्यक्ष बनने के बाद यहां पर उनकी अपनी टीम की बात की जा रही है, क्योंकि अभी तक पूर्व अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू द्वारा लगाए गए नेता ही पदाधिकारी हैं। क्योंकि यहां लोकसभा चुनाव था, लिहाजा जिम्मेदारी नहीं बदली गई और रिजल्ट भी अच्छा नहीं रहा है। इसलिए नई रणनीति के साथ राठौर को अपनी टीम बनानी है, जिसके लिए पहले पर्यवेक्षक लगाए जाने हैं। यह पर्यवेक्षक बताएंगे कि ब्लॉक स्तर पर कौन व्यक्ति संगठन के लिए किस तरह का काम कर रहा है, जिसके बाद ही जिम्मेदारी दी जाएगी।