पालकवाह में बंदराें ने घर में घुस कर नोची महिला

By: Jul 23rd, 2019 12:05 am

हरोली—हरोली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत पालकवाह में उत्पाती बंदरों ने एक महिला को काटकर अस्पताल पहंुचा दिया है। अस्पताल में महिला का उपचार जारी है। घर के अंदर घुसकर बंदर द्वारा महिला को काटने के मामले से ग्रामीण भी दहशत में है। बच्चों, महिलाओं व अन्य लोगों को घर से बाहर निकलना किसी खतरे से कम नहीं है। ओर तो ओर लोग अपने घरों की छतों पर भी घूमने से कतराने लगे हैं। अब ये उत्पाती बंदरों घरों में घुसकर हमला कर रहे हैं। सोमवार को पालकवाह में केसरो देवी पत्नी देवराज जब घर के परिसर में बैठी हुई थी तो अचानक ही एक बंदर इस पर झपट पड़ा और महिला को गंभीर रूप से घायल कर दिया। महिला के चीखने की आवाज सुनकर स्थानीय लोग दौड़े तब जाकर महिला को बंदर के चंगुल से छुड़ाया गया। इसके बाद इसे स्थानीय अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवा दिया गया है। ग्राम पंचायत प्रधान संदीप अग्निहोत्री ने बताया कि गांव में बंदर बेखौफ घूम रहे हैं। वन विभाग के ध्यान में भी मामला लाया गया था, लेकिन विभाग इस सारे मामले को लेकर मूकदर्शक बना हुआ है। ग्रामीणों ने अपने ही स्तर पर नौ के करीब बंदरों को मारा था, लेकिन वन विभाग ने इस संबंध में कोई भी सहयोग ग्रामीणों का नहीं किया है। उन्होंने कहा कि जब भी विभाग के पास इस समस्या को उठाया गया तो हर बार कोई नया बहाना विभाग के आला अधिकारियों द्वारा बनाया जाता है। इसके चलते गांव में बंदरों की समस्या जस की तस बनी हुई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App