पिस्तल संग फोटो लेना पड़ा महंगा, ट्रिगर दबने से लगी गोली 

उत्तर प्रदेश के आगरा में एक महिला को पिस्टल के साथ तस्वीर लेना महंगा पड़ गया। 23 साल की महिला से भूलवश पिस्टल का ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। महिला को बुलेट इंजरी आई है। पिस्टल महिला के ससुर की बताई जा रही है। सदर पुलिस थाने के दुर्गानगर इलाके में यह घटना हुई। जान्वी तोमर को हार्ट के पास गोली लगी, जिससे उनका बायां फेफड़ा क्षतिग्रस्त हो गया है। उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है। एक साल पहले जान्वी की विश्वजीत सिंह तोमर (24) से शादी हुई थी। उनके ससुर सुभाष तोमर बतौर जवान जम्मू-कश्मीर में तैनात हैं। उन्होंने दिल्ली में अपने बेटे विश्वजीत से मिलने के लिए रवाना होने से पहले जान्वी को पिस्टल सौंपी थी। घटना के वक्त जान्वी की 13 साल की ननद डॉली स्मार्टफोन से जान्वी की पिस्टल के साथ फोटो खींच रही थी। भाभी ने मुझसे पिस्टल के साथ उनकी कुछ तस्वीरें लेने के लिए कहा था। मुझे नहीं पता था कि पिस्टल लोडेड है। जैसे ही मैंने स्मार्टफोन से फोटो लेना शुरू किया, पिस्टल से एक गोली चली और उसके बाद मैंने भाभी को लहूलुहान देखा।