पीयूष राज और दिनेश कुमारी को कलानिधि सम्मान

By: Jul 16th, 2019 12:10 am

चंबा—शिल्प परिषद चंबा की ओर से कलानिधि सम्मान 2019 का आयोजन भूरी सिंह संग्रहालय के सभागार में किया। समारोह में प्रसिद्ध गायक कलाकार पीयूषराज और चंबा रूमाल की शिल्पी दिनेश कुमारी को कलानिधि सम्मान से नवाजा गया। यह पुरस्कार पुराविद् स्वर्गीय अमरनाथ खन्ना की स्मृति में दिए गए। इस पुरस्कार में प्रशस्ति पत्र के अतिरिक्त 5100 रुपए की नकद राशि प्रदान की गई। कार्यक्रम में किरण मेहता ने मुख्यातिथि के तौर पर शिरकत की। इससे पहले शिल्प परिषद के अध्यक्ष पद्मश्री विजय शर्मा ने दीप प्रज्वलित कर समारोह का विधिवत तरीके से शुभारंभ किया। पद्मश्री विजय शर्मा ने कहा कि चंबा शिल्प परिषद कला और कलाकारों के उत्थान को समर्पित संस्था है। उन्होंने संस्था के क्रियाकलापों और कला संबंधी गतिविधियों के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का आभार भी प्रकट किया। कला निधि सम्मान समारोह में पुरस्कार वितरण के पश्चात गायक पीयूषराज ने चंबा के प्रसिद्ध लोक गीतों और गजलों से श्रोताओं को भावविभोर किया। पीयूष राज के संग गायन में अनिल भारद्वाज ने वायलिन पर साथ निभाया। तबले पर निषाद ने संगत की। मुख्यातिथि किरण मेहता में शिल्प परिषद के कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम बार-बार होने चाहिए, ताकि नई पीढ़ी के कलाकारों को कला के प्रति और अभिरुचि उतपन्न हो सके। उन्होंने परिषद के कलाकारों को प्रोत्साहित करने के प्रयासों की भी जमकर सराहना की। मंच का संचालन डा. विद्यासागर शर्मा ने किया। मनुज शर्मा ने सभी कलाकारों और उपस्थित श्रोताओं के प्रति आभार प्रकट किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App