पेड़ से लटका मिला तड़पता हुआ तेंदुआ

By: Jul 19th, 2019 12:05 am

धर्मपुर—उपमंडल धर्मपुर की धवाली पंचायत के मनुधार गांव के नजदीक छिड़ बाल्हड़ा नामक स्थान पर गुरुवार सुबह एक तेंदुआ पेड़ से लटका मिला। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव का संजय कुमार गुरुवार सुबह सात बजे के करीब जब घास लाने के लिए जा रहा था तो वहां पर पेड़ से लटका तेंदुआ देखा। संजय कुमार ने इस बारे में गांव के लोगों को बताया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जब गांव के लोग इकट्ठे हुए, तब तक लटका हुआ तेंदुआ तड़प रहा था। परंतु तेंदुआ बहुत बड़ा था और लोग नजदीक जाने से भी घबरा रहे थे। तेंदुए के शव को तारों में फंसा हुआ पाया गया है, जिससे अंदेशा यह भी लगाया जा रहा है कि जंगली जानवरों को फंसाने के लिए किसी ने फाई लगा रखी थी, जिसमें फंसने से तेंदुए की मौत हुई है, परंतु इस बारे में कोई भी साफ-साफ नहीं बोल रहा है। गांव के ही प्रदीप कुमार ने वन विभाग के रेंज ऑफिसर को फोन करके तेंदुए के फंसने की जानकारी दी। वन विभाग कमलाह रेंज के रेंज ऑफिसर धर्म सिंह, डिप्टी रेंजर सुरेंद्र पाल, गार्ड भीखम राम, शेरपुर बीट के गार्ड भादर सिंह व पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस और वन विभाग की टीम ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया। इस बारे में कमलाह रेंज के रेंज ऑफिसर धर्म सिंह से बात की, तो उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस को इस बारे में सूचित किया और विभाग की टीम ने मौके पर पहुंच कर तेंदुए के शव को कब्जे में ले लिया। तेंदुए के शव को वैटरिनरी हॉस्पिटल धर्मपुर में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। धर्मपुर थाना प्रभारी सूरम सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि दर्ज करके छानबीन की जा रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App