प्रदेश वोविनाम मार्शल आर्ट टीम ने झटके चार मेडल

बैजनाथ-प्रदेश वोविनाम मार्शल आर्ट की टीम ने गुवाहाटी के भोगेश्वरी इंडोर स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय वोविनाम प्रतियोगिता में चार मेडल जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है। चार मेडलों में एक सिल्वर तथा चार कांस्य पदक शामिल हैं। प्रदेश वोविनाम एसोसिएशन के महासचिव जोगिंद्र सिंह आजाद ने बताया कि यह प्रतियोगिता वोविनाम एसोसिएशन ऑफ इंडिया के तत्त्वावधान में असम वोविनाम एसोसिएशन ने करवाई। सब- जूनियर पुरुष वर्ग में मंडी जिला के अमन धीमान ने सिल्वर अभय शर्मा ने 54 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक प्राप्त किया। वहीं, जिला कांगड़ा के बैजनाथ से रूपेश कुमार ने सब-जूनियर में 48 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर क्षेत्र का नाम रोशन किया। बैजनाथ से राशि अवस्थी ने सीनियर महिला वर्ग की 48 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर प्रदेश व क्षेत्र का नाम रोशन किया। टीम कोच पुरुषोत्तम सिंह तथा टीम मैनेजर बृजलाल शामिल रहे। प्रदेश वोविनाम एसोसिएशन के अध्यक्ष राजा सिंह मल्होत्रा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहम्मद, बृजलाल, उपाध्यक्ष सतीश, रविंद्र, जोगिंद्र, सयुंक्त सचिव समीर, डीएस, कोषाध्यक्ष पुरुषोत्तम एवं सदस्य जय कुमार ने टीम के विजेताओं को विदा किया।