प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम ऐप लांच

By: Jul 24th, 2019 12:04 am

वनमंत्री ने किया आगाज, पौधारोपण से संबंधित जानकारियां मिलेंगी

शिमला —वन विभाग ने इस बार रोपे गए पौधों की निगरानी रखने के लिए प्लांटेशन मॉनिटरिंग सिस्टम ऐप लांच कर दी है। मंगलवार को वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने वन विभाग के मुख्यालय में इस ऐप को लांच किया।   इस ऐप के माध्यम से प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में रोपे गए पौधों की जानकारी रख सकेंगे। वन विभाग के अधिकारियों के साथ पौध रोपन मसले पर समीक्षा बैठक करते हुए मंत्री ने बंजर भूमि पर पौधे रोपने को कहा है। उन्होंने कहा कि इस बार वन महोत्सव में 25 लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए वन विभाग ने सात सौ से अधिक साइट्स चिन्हित कर दिए हैं। उन्होंने  कहा कि  इस बार निजी बंजर भूमि पर चंदन के पौधे रोपे जाएंगे। प्रदेश सरकार और वन विभाग ने पहली बार ऐसा नया प्रयोग करने का निर्णय लिया है। चंदन के पौधे जिला मंडी, हमीरपुर, बिलासपुर और ऊना के क्षेत्रों में रोपे जा रहे हैं। इसी तरह से जिला किन्नौर में चिलगोजा और लाहुल-स्पीति में छरमा के पौधे रोपे जा रहे हैं। वन मंत्री ने कहा कि वनों के संवर्धन एवं संरक्षण के लिए प्रदेश के जंगलों में अधिकतर फलदार पौधे रोपे जाएंगे, जिससे वन्य प्राणियों को वनों के भीतर ही भोजन प्राप्त हो तथा किसानों की फसलों को जंगली जानवरों द्वारा नुकसान न हो। वन विभाग ने इस प्रकार के फलों की प्रजातियों को चिन्हित भी कर लिया। मंत्री ने कहा कि हर दिन पांच लाख पौधे रोपने का लक्ष्य रखा है। पिछले साल प्रदेश में तीन दिनों तक चलाए गए पौधारोपण अभियान के दौरान लोगों की सहायता से करीब 17 लाख पौधे रोपे गए थे। वृक्षारोपण के दौरान 50 प्रतिशत तक फलदार पौधे रोपे जा रहे हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App