फागू में सेब नियंत्रण कक्ष शुरू

ठियोग —सेब सीजन को लेकर फागू सेब नियंत्रण कक्ष को प्रशासन ने शुरू कर दिया है। जबकि नैना को भी कुछ दिन बाद शुरू कर लिया जाएगा। एसडीएम ठियोग एमडी शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि दोनों नियंत्रण कक्ष को 15 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। हालांकि अभी पुलिस बटालियन के न आने से अभी चालकों के आईकार्ड तथा पंजीकरण का कार्य शुरू नहीं हो पाया है लेकिन उन्होंने बताया कि 20 जुलाई के बाद अतिरिक्त बटालियन भी पहुंच जाएगी लेकिन अभी फिलहाल बागबानी विभाग के अलावा अन्य कर्मचारी कंट्रोल रूम में तैनात कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि इनमें हर विभाग से करीब दस कर्मचारी दिन व रात को डयूटी देंगे और यहां से गुजरने वाली हर वाहनों की एन्ट्री तथा चैकिंग होगी। उन्होंने कहा कि बिना पंजीकरण वाले वाहनों के खिलाफ  प्रशासन सख्ती से कारवाई करेगा। इस दौरान वाहन चालकों के आईकार्ड गाडि़यों के चैसी नंबर इंजन नंबर नोट किए जाएंगे। जबकि इसके अलावा नियंत्रण कक्ष में सीसीटीवी कैमरे भी लगेंगे जोकि हर आने जाने वाले वाहनों पर नजर रखेंगे। उन्होंने कहा कि दोनों सेब नियंत्रण कक्ष को सही रूप से चलाने की जिम्मेदारी उनके अलावा नायब तहसीलदार ठियोग को सौंपी गई है जिनकी देखरेख में ये नियंत्रण कक्ष कार्य करेंगे। एसडीएम एमडी शर्मा ने कहा कि सेब सीजन को लेकर ट्रकों की कमी भी नहीं आने दी जाएगी इसके लिए प्रशासन ने स्थानीय ट्रक आपरेटरों के अलावा कमी आने पर बाहरी राज्यों से भी ट्रक मंगवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रशासन अन्य विभागों से बेहतर तालमेल करके सेब सीजन के दौरान सड़कों को यातायात के लिए सुचारू रखने मालवालक वाहनों की व्यवस्था तथा टै्रफिक को कंट्रोल करने जैसे अन्य मुददों पर प्रशासन बागबानों किसानों की हर संभव सहायता करेगा। उन्होंने कहा कि लोक निर्माण विभाग तथा पंचायत स्तर पर बनी हर छोटी बड़ी सड़क को यातायात के लिए पूरी तरह से बहाल रखा जाएगा। उन्होंने किसानों व बागबानों से अपील की है कि यदि किसी बागबान को कोई दिक्कत पेश आती है तो वे तहसील कार्यालय ठियोग में 01783-238502 तथा सेब नियंत्रण कक्ष फागू में 01783-239434 पर फोन कर सकते हैं।

सेब सीजन को पुलिस ने बनाई योजना

सेब सीजन को लेकर पुलिस ने यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष योजना तैयार की है। डीएसपी ठियोग कुलविंदर सिंह ने बताया कि रिर्जव पुलिस बटालियन की देखरेख में यातायात को चलाया जाएगा। जिनमें से कुछ पुलिस कर्मचारी ठियोग हाटकोटी सडक पर चिन्हित डैंजर व्वांइट पर भी तैनात किए गए जाएंगे। इनके अलावा कंट्रोल रूम में तथा ठियोग बाजार में भी पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा जोकि शहर में जाम नहीं लगने देंगे। जबकि इसके अलावा बेलगाम चालकों के खिलाफ  पुलिस सख्ती से निपटेगी।

मंडियों में क्या चल रहा है भाव

इस समय फल मंडियों में सेब की स्पर वैराटियों ने दस्तक दे दी है। ठियोग की स्थानीय पराला मंडी भी धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रही है। यहां पर स्पर वैराटियां आ चुकी है और समय इसके दाम करीब दो से तीन हजार बताए जा रहे हैं। जबकि रायल इस समय एक हजार से दो हजार के बीच चल रहा है। जबकि टाईडमैंन 1200 तक और रेड जून 400 तक बिक रहा है। नाशपाती में मोटी डंडी आठ सौ से 1500 तक बिक रही है। जबकि प्लम में मेरीपोजा 100 से 200 के बीच पांच किलो का बक्सा बिक रहा है। सेब सीजन धीरे-धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। बागबानी विभाग के आंकड़ों के हिसाब से इस साल चार करोड़ सेब की पेटी होने का अनुमान लगाया जा रहा है। हालांकि पिछले साल सेब की फसल कम थी।