फेसबुक फ्रेंड ने लूटी मैडम

By: Jul 6th, 2019 12:03 am

ऊना की मुख्याध्यापिका हुई जालसाजी का शिकार, दोस्ती के नाम पर गंवाए 26 लाख

 ऊना —ऊना में एक मुख्याध्यापिका को फेसबुक फे्रंड ने 26 लाख का चूना लगाया है। चिकनी-चुपड़ी बातों में फंसकर महिला ने शातिर के विभिन्न खातों में यह राशि जमा करवा दी। जालसाजी का भांडा तब फूटा, जब शातिर ने महिला को फेसबुक से ब्लॉक कर दिया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और महिला को अपने साथ हुई ठगी का पता चला। महिला की शिकायत पर पुलिस ने इस संबंध में धोखाधड़ी का केस दर्ज करके मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार ऊना के समीपवर्ती एक गांव के सरकारी स्कूल की मुख्याध्यापिका फेसबुक पर एक फ्रेंड बना बैठी, जो खुद को यूके का रहने वाला बता रहा था। महिला के इस फेसबुक फ्रेंड ने स्वयं भारत आने और उसके लिए महंगे गिफ्ट्स लाने की बात कही। जब उसने भारत आना था तो उसने महिला को फोन करके कहा कि उसे एयरपोर्ट पर कस्टम ऑफिसर ने सामान सहित पकड़ लिया है। कस्टम अधिकारी इसे तभी छोड़ेगा, जब वह कस्टम ड्यूटी भरेगा। महिला ने उसके झांसे में आकर करीब आधा दर्जन बैंक खातों में लगभग 26 लाख रुपए जमा करवा दिए। इसके बाद शातिर का कोई अता-पता नहीं है। इसके बाद महिला को सारी कहानी समझ में आई और उसने पुलिस में शिकायत दी। शातिर ने अब पीडि़ता को अपनी फे्रंडलिस्ट से ब्लॉक भी कर दिया है। अपने साथ हुई इस ठगी के बाद महिला सदमे में है। डीएसपी हैडक्वार्टर अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

बिना जान-पहचान किसी के खाते में न डालें पैसे

डीएसपी ऊना अशोक वर्मा ने आम जनता से आह्वान किया है कि वे ऐसे किसी भी झांसे में न आएं। अगर कोई बैंक अधिकारी या कस्टम अधिकारी बनकर फोन करता है और पैसे मांगता है तो सबसे पहले संबंधित विभाग की साइट पर जाकर टोल फ्री नंबर डायल करें और पूरी जानकारी हासिल करें। बिना जान-पहचान के किसी के भी खाते में पैसे न डालें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App