बाढ़ से बिहार-असम में हाहाकार

By: Jul 20th, 2019 12:03 am

अब तक 117 लोगों की मौत, मेघालय में भी आठ की जान गई, लाखों बेघर

नई दिल्ली – बिहार और असम समेत आधा देश मानसून में तबाही की मार झेल रहा है। बिहार, असम और मेघालय में बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक बिहार में अब तक 78 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें 18 नेपाल से सटे सीतामढ़ जिला के हैं। बाढ़ के चलते बिहार के 12 जिलों के करीब 5.5 मिलियन लोग बुरी तरह से प्रभावित है। वहीं, असम में बाढ़ के कारण 54 लाख लोग विस्थापित हुए हैं, जबकि मरने वालों की संख्या 39 हो गई है। मेघालय में आठ लोगों की मौत हुई है। असम के 33 में से 28 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकार के मुताबिक 5352107 लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। उधर, उत्तर बिहार की नदियों के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है। उत्तर बिहार में नए इलाकों में बाढ़ का पानी तेजी से फैलना बंद तो हुआ है, लेकिन कोसी और बागमती का जलस्तर बढ़ रहा हैं। मेघालय में दो और लोगों की मौत के बाद मरने वालों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है, जबकि एक लाख 55 हजार लोग बाढ़ से प्रभावित है। जबकि, देश की कुल 10 मिलियन आबादी बाढ़ से बुरी तरह प्रभावित है।

बाढ़ से जूझ रहे असम को भूकंप भी डरा गया

गुवाहाटी – अरुणाचल प्रदेश और असम के कुछ इलाकों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। रिक्टर पैमाने पर भूकंप की तीव्रता 5.5 मापी गई। बताया जा रहा है कि भूकंप का केंद्रबिंदु अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला में था। फिलहाल किसी तरह के हताहत की खबर नहीं है। बता दें कि बाढ़ के चलते असम में वैसे ही जनजीवन अस्त-व्यस्त है। ऐसे में भूकंप से झटकों से वहां लोग दहशत में हैं। बाढ़ के चलते सुरक्षित स्थानों में ठहरे हुए लोग भूकंप के झटकों के कारण खुले मैदान की ओर भागने लगे। असम में कुछ सेकंड के लिए भूकंप के झटके महसूस किए गए।

कई राज्यों में अलर्ट

बिहार और असम समेत कई राज्यों में बारिश तबाही लेकर आई है। ऐसे में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीम अलर्ट है।

आकाशीय बिजली गिरने से आठ बच्चों की मौत

नवादा – बिहार में नवादा के काशीचक थाना क्षेत्र के धानपुर गांव में आकाशीय बिजली गिरने से आठ बच्चों की मौत हो गई। वहीं, कई बच्चे झुलस गए। घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि नवादा जिले के काशीचक थाना क्षेत्र के धानपुर गांव में एक पेड़ के नीचे बच्चे खेल रहे थे। इसी दौरान आकाशीय बिजली गिरने से आठ बच्चों की मौत हो गई। वहीं, कई बच्चे बिजली की चपेट में आने से झुलस गए।  बता दें कि जहां कई इलाकों में नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। वहीं, अब आसमानी बिजली के कहर का भी लोगों को सामना कर पड़ रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App