बारालाचा में बर्फ के फाहे

By: Jul 19th, 2019 12:15 am

मौसम के बदले मिजाज से घाटी के तापमान में भारी गिरावट

मनाली – मनाली में गुरुवार को दिन भर रुक-रुक कर बारिश का दौर जारी रहा, वहीं बारालाचा दर्रे पर बर्फ के फाहे गिरने से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि मनाली-लेह मार्ग पर वाहनों की आवाजाही जारी है। उल्लेखनीय है कि मनाली में  कुछ दिनों से मौसम के बदले मिजाज से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिल गई है, वहीं बरसात के शुरू होते ही यहां सैलानियों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गई है।  इस बीच लाहुल-स्पीति में पर्यटन करोबार रफ्तार पर चल रहा है। मनाली घूमने आने वाले सैलानी लाहुल-स्पीति का रुख कर रहे हैं। गुरुवार को लाहुल-स्पीति के बारालाचा दर्रे पर भी बर्फ के फाहे गिरे हैं। ऐसे में जहां लाहुल घाटी के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है, वहीं सैलानियों को लाहुल का ठंडा मौसम काफी पसंद आ रहा है। यहां बता दें कि गुरुवार को रोहतांग दर्रे में जहां बारिश का दौर चलता रहा, वहीं 15 हजार फीट की ऊंचाई वाले सभी दर्रों सहित ऊंची चोटियों में बर्फ के फाहे गिरे हैं। ऐसे में मनाली से रोहतांग घूमने पहुंचे सैलानी जहां दर्रे के ठंडे मौसम का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं, वहीं खराब मौसम ने लाहुल-स्पीति जाने वालों की टेंशन भी कुछ हद तक बढ़ा डाली है। मनाली-लेह मार्ग पर जहां भू-स्खलन का खतरा भी खराब मौसम ने बढ़ा डाला है।  उधर,  बीआरओ के कमांडर कर्नल उमा शंकर ने बताया कि लाहुल-स्पीति की ऊंची चोटियों में गुरुवार को बर्फ के फाहे गिरे हैं, लेकिन यातायात व्यवस्था पूरी तरह से बहाल है। एसडीएम मनाली रमन घरसंगी ने सैलानियों से आग्रह किया कि मौसम को ध्यान में रख ही सैलानी मनाली से लाहुल-स्पीति व लेह का रुख करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App