बुड्ढा दूल्हा देखते ही दुल्हन ने लौटाई बारात

युवती का आरोप; फोटो किसी और का दिखाया; व्याहने कोई और आया

ठाकुरद्वारा —उपमंडल इंदौरा के अंतर्गत पड़ते गांव मंड के घंड्रा से पंजाब के फगवाड़ा के हरवंसपुरा में गई बारात को बैरंग लौटना पड़ा। लड़की पक्ष ने लड़के की उम्र अधिक और फोटों में कोई और लड़का दिखाने का आरोप लगाकर शादी करने से मना कर दिया। गौर हो कि बारात पहुंचने पर  लड़की के पक्ष वालों ने बारात का खूब स्वागत किया। उन्होंने बारात की खातिरदारी करने का पूरा प्रबंध किया हुआ था, लेकिन शादी में माहौल तब बदल गया, जब  फेरे लेने के लिए लड़की अपने मायके पक्ष सहित गुरद्वारा साहिब गई । वहां पहुंचकर  उन्हें पता चला कि पहले लड़की को जिस लड़के  की फोटो दिखाई थी। वह कोई और था और उसकी उम्र 27 साल थी, जबकि जो दूल्हा बनकर आया है, वह 40 साल का बुड्ढा है, जो लड़की की उम्र से कही ज्यादा है। इस कारण उन्होेंने शादी से मना कर दिया। देखते ही दोनों पक्षों में विवाद शुरू हो गया और बात पंचायत तक पहुंच गई, लेकिन बात न बनती देख मामला स्थानीय पुलिस थाना रावलपिंडी में पहुंच गया । लड़की ने लड़के वालों पर धोखे में रखने के आरोप लगाए हैं। लड़के के पिता ने बताया कि उन पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं। जिस लड़के की फोटो लड़की को दिखाई थी, वहीं लड़का ही बारात लेकर आया है, लेकिन यहां पहुंचने पर लड़की वालों ने झूठे आरोप लगाकर शादी से मना कर दिया। लड़के के पिता ने कहा कि उनका शादी में काफी खर्चा हो गया है। वहीं, थाना रावलपिंडी में मामला पहुंचने पर पुलिस दोनों पक्षों के बयान कलमबद्ध कर आगामी कार्रवाई में जुट गई है। बहरहाल, बिना दुल्हन के बैरंग बारात लौटने पर मंड क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।