भूरी सिंह संग्रहालय में सजी प्रदर्शनी

By: Jul 4th, 2019 12:07 am

वन मंडलाधिकारी ने किया शुभारंभ, चंबा की युवा कलाकार रिया अबरोल की कलाकृतियां निहारने पर्यटकों की उमड़ी भीड़

चंबा -भूरी सिंह संग्रहालय में मॉडर्न आर्ट चित्रकारी पर आधारित बारह दिवसीय प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रदर्शनी में चंबा की स्थानीय युवा कलाकार रिया अबरोल की कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी का मुख्य विषय पेपर वर्क और महिलाओं की आजादी की अभिव्यक्ति है। बुधवार को वन्य प्राणी विभाग के वनमंडलाधिकारी निशांत मंढोत्रा ने विधिवत तरीके से प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। उन्होंने रिया अबरोल की कलाकृतियों को निहारने के साथ ही महिलाओं की आजादी की अभिव्यक्ति की बेहतर प्रस्तुतियों की जमकर सराहना की। बुधवार को भूरी सिंह संग्रहालय के सभागार में प्रदर्शित रिया अबरोल की कलाकृतियों को निहारने के स्थानीय लोगों के अलावा पर्यटकों की खासी भीड़ उमड़ी। पर्यटकों ने भी चंबा की युवा कलाकार रिया अबरोल के प्रयासों को सराहते हुए पीठ थपथपाई। भूरी सिंह संग्रहालय के तकनीकी सहायक सुरेंद्र ठाकुर ने बताया कि यह प्रदर्शनी चंबा में 12 दिनों तक चलेगी। इसके बाद प्रदेश के अन्य जिलों में भी इस प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि भविष्य में भी संग्रहालय कला एवं संस्कृति के संवर्द्धन के लिए हमेशा तत्पर रहेगा। इस मौके पर पद्मश्री विजय शर्मा व चौगान वार्ड की पार्षद अंजलि मल्होत्रा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। बहरहाल, बुधवार को भूरी सिंह संग्रहालय के सभागार में मॉडर्न आर्ट चित्रकारी पर आधारित बारह दिवसीय प्रदर्शनी में रिया अबरोल की कलाकृतियों को निहारने के लिए काफी तादाद में लोग पहंुचे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App