मंडी की अंजलि एलएलएम टॉपर

By: Jul 31st, 2019 12:04 am

चंडीगढ़ विश्वविद्यालय में कानून की परीक्षा में फर्स्ट

सुंदरनगर —मंडी जिला के सरकाघाट के गांव गोरत से संबंध रखने वाली अंजलि ठाकुर रांगड़ा ने चंड़ीगढ़ विश्वविद्यालय से कानून में स्नातकोत्तर की पढ़ाई में स्वर्ण पदक  से हासिल की है। विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान अर्जित करने वाली बेटी अंजलि की इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अंजलि के पिता विनोद रांगड़ा राजकीय प्राथमिक पाठशाला धलारा खंड धर्मपुर दो में मुख्य शिक्षक के पद पर सेवारत हैं, जबकि माता सुनीता रांगडा राजकीय प्राथमिक पाठशाला गोरत में मुख्य शिक्षिका के पद पर सेवारत हैं। अंजलि ने दसवीं व जमा दो नॉन मेडिकल तक की पढ़ाई महावीर स्कूल सुंदरनगर से पास की है। उसके बाद 2016 में बीए एलएलबी की पढ़ाई शिमला विश्वविद्यालय से पास की। उसके बाद अंजलि ने वर्ष 2018 में चंडीगढ़ विश्वविद्यालय से कानून में स्नातकोत्तर की पढ़ाई करके प्रथम स्थान हासिल किया और विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान पर आकर स्वर्ण पदक हासिल किया। श्री आरएस बावा, जो कि चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के वाइस प्रेजिडेंट हैं, ने अंजलि को कानून की डिग्री और स्वर्ण पदक देकर सम्मानित किया। अंजली ने इस उपलब्धि का श्रेय अपने परिवार, शिक्षकों और दोस्तों को दिया है। उन्होंने कहा कि दादा मेहर चंद रांगड़ा और दादी संती देवी ने जीवन के हर चरण में उसे प्रेरित किया है। अंजलि के अनुसार उसकी बहनों पल्लवी और श्वेता ने हमेशा उसका साथ दिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App