मंडी के धर्मपुर में ग्रामीण की हत्या

पत्नी ने स्थानीय लोगों पर जान लेने का जड़ा आरोप, जमीनी विवाद बताई वजह

धर्मपुर – जिला मंडी के धर्मपुर उपमंडल की बहरी पंचायत के रथौन गांव में  शुक्रवार देर सायं एक व्यक्ति की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक की पहचान श्याम सिंह (62) पुत्र  तोता राम गांव रथौन डाकघर कोट के रूप में हुई है। लाश घर से 150 फीट दूर खेत में पड़ी में मिली है। वहीं, मृतक की पत्नी ब्यासा देवी के बयान पर पुलिस ने गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 302, 504 व 34 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। ब्यासा देवी ने इन लोगों पर पति की हत्या करने का आरोप लगाया है।  जानकारी के अनुसार श्याम सिंह करीब डेढ़ सौ फ ीट दूर अपनी पत्नी के साथ जमीन में  बाड़ लगाने गया था। कुछ समय बाद उसकी पत्नी घरेलू कार्य हेतु घर चली गई। देर शाम तक जब श्याम सिंह घर नहीं लौटा तो ब्यासा देवी तलाश में खेतों की तरफ चली आई, जिसके बाद उसे श्याम सिंह अचेतावस्था में रास्ते के किनारे पड़ा हुआ मिला, जबकि उसका परना और दराट करीब आठ फ ीट दूर पड़े थे, जिसके बाद ब्यासा देवी ने अपने बेटों व अन्य परिजनों को इस बात की सूचना दी। मृतक की पत्नी ब्यासा देवी ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि जब वह अपने पति के साथ जमीन पर बाड़ लगाने गई थी तो वहां उनके पड़ोसी विपिन कुमार पुत्र अमर सिंह, सीमा पत्नी विपिन और ब्यासां देवी पत्नी अमर सिंह गाली गलौज करने लगे। इन लोगों के साथ कई वर्षों से जमीनी विवाद चला हुआ था। पत्नी ने आरोप लगाया है कि उसे शक है कि उसकी अनुपस्थिति में इन लोगों ने मिलकर उसके पति श्याम सिंह की हत्या कर दी है। वहीं थाना प्रभारी सूरम सिंह का कहना है कि  श्याम सिंह के शव का नागरिक अस्पताल सरकाघाट में पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 302 ,504 व 34 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच हर पहलू को ध्यान में रखकर की जा रही है। कुछ लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है।