मंडी में एक और सेक्स रैकेट का पर्दाफाश

By: Jul 23rd, 2019 12:10 am

पुलिस ने नकली ग्राहक बनकर किया भंडाफोड़, दो रेस्क्यू सरगना महिला गिरफ्तार

मंडी –मंडी शहर में एक महीने के अंदर ही एक और सेक्स रैकेट का पर्दाफाश हुआ है। सदर पुलिस ने जिस्मफरोशी के एक और धंधे का खुलासा करते हुए बताया कि इस बार मंडी शहर के मंगवाई वार्ड में किराए के कमरे में यह सेक्स रैकेट चलाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से दो महिलाओं को रेस्क्यू किया है, जबकि इस रैकेट को चला रही मंडी निवासी एक महिला को गिरफ्तार किया है। रेस्क्यू की गई महिलाओं में से एक महिला मंडी जिला की तो दूसरी बिहार जिला की रहने वाली है। दोनों महिलाओं की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच की बताई जा रही हैं और दोनों विधवाएं हैं। दोनों के बच्चे भी हैं और यह बात सामने आ रही है कि बच्चों व परिवार की वजह से दोनों महिलाओं को इस धंधे में धकेल दिया गया था। हालाकि मंडी पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रख कर अब जांच आगे बढ़ा रही है। वहीं इस सेक्स रैकेट को चलाने वाली महिला भी मंडी जिला की है। सूत्रों के मुताबिक महिला सरगना के पकडे़ जाने के बाद अब कई और खुलासे भी हो सकते हैं। जानकारी के अनुसार मंडी पुलिस को इस बारे में एक गुप्त सूचना मिली थी, जिसके बाद सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद की अगवाई में एक टीम का गठन किया गया। टीम के कुछ सदस्यों ने नकली ग्राहक बन सरगना महिला से संपर्क साधा। इसके बाद पुलिस टीम ने पूरी तैयारी के साथ रविवार की रात को महिला के बताए गए घर पर दस्तक दे दी और पुलिस ने मौके से दो महिलाओं को रेस्क्यू कर लिया। इसके बाद पुलिस ने रैकेट चला रही महिला को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मिली जानकारी के  अनुसार यह महिला क्वार्टर से इस धंधे को चला रही थी। पिछले लंबे समय से उक्त क्वार्टर से यह धंधा चला हुआ था, लेकिन किसी को भी इसकी कानोंकार खबर नहीं मिल सकी, इस पर भी पुलिस को संदेश बना हुआ है। वहीं रेस्क्यू की गई महिलाओं को लेकर भी पुलिस छानबीन करने में लगी हुई है कि उन्हें इस धंधे में क्या जबरदस्ती धकेला गया था या महिलाएं किसी मजबूरी या फिर अपनी मर्जी से इस काम में लगी थीं। एसपी मंडी गुरदेव शर्मा ने बताया कि अगर इस तरह की कोई बात सामने आई तो इन महिलाओं को काउंसिलिंग के लिए भेजा जाएगा। महिलाओं का मेडिकल करवाया गया है और कोर्ट में पेश करने के बाद उन्हें रिमांड पर लिया गया है। बता दें कि मंडी जिला पुलिस ने एक महीने में दूसरा सेक्स रैकेट पकड़ने में सफलता हासिल की है। 18 दिन पहले पांच जुलाई की रात को जिला पुलिस की टीम ने एक निजी होटल में दबिश देकर सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था। इसमें दिल्ली की दो युवतियों को रेस्क्यू किया गया था। बताया जा रहा है कि आने वाले दिनों में पुलिस ऐसे और खुलासे कर सकती है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App