मालग को वन मित्र पंचायत पुरस्कार

पनारसा में राज्य स्तरीय वन महोत्सव में मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

कांगू –शुक्रवार को मंडी के पनारसा में आयोजित राज्य स्तरीय वनमहोत्सव में जिला हमीरपुर के ब्लॉक नादौन की ग्राम पंचायत मालग को मुख्यमंत्री वन मित्र पंचायत पुरस्कार से नवाजा गया है। समारोह में पंचायत मालग की ओर से पंचायत प्रतिनिधि पंचायत प्रधान अश्वनी कटोच उपस्थित रहे। मालग पंचायत को राज्य स्तर पर प्रथम पुरस्कार एक लाख की राशि का चेक व स्मृति चिन्ह देकर प्रदेश मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने सम्मानित किया। राज्य स्तर पर मालग पंचायत को सम्मानित किए जाने की खबर सुनकर क्षेत्रवासियों की खुशी का कोई ठिकाना न रहा। विदित रहे कि प्रदेश में पुरस्कार पाने वाले केवल तीन पंचायतें हैं, जिनमें मालग पंचायत ने प्रथम स्थान हासिल किया है। इलाके के प्रबुद्ध लोगों सहित एचआरटीसी उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री, पूर्व चेयरमैन ठाकुर रघुवीर सिंह, विनोद पठानिया चेयरमैन ब्लाक समिति नादौन, जिला परिषद लेखराज शर्मा, उपप्रधान ग्राम पंचायत मालग अशोक ठाकुर, प्रधान ग्राम पंचायत बढेडा सुषमा कुमारी, उपप्रधान बढेडा राजेश कुमार, उधम सिंह, रजनीश ठाकुर व जगराज आदि ने प्रसन्नता जाहिर करते हुए इलाके के लिए गर्व की बात बताया है। उन्होंने कहा कि पहली बार ग्राम पंचायत मालग ने प्रदेश स्तर पर नाम बुलंद किया है, जो कि गर्व का विषय है। प्रधान अश्वनी कटोच ने इस उपलब्धि का श्रेय ग्राम पंचायत मालग की जनता को दिया है, जिनके सहयोग से यह सब संभव हो पाया है।