ये गाय है स्पेशल, 10 सालों से नहीं किया गर्भधारण, फिर भी दे रही दूध

नाहन —कहते हैं कि कुदरत के करिश्में भी सच में अविश्वसनीय और अद्भुत होते हैं। ऐसा ही एक अद्भुत करिश्मा नाहन में सामने आया है। यहां पर एक गाय जमुना पिछले 10 सालों से बिना गर्भ धारण के लगातार दूध दे रही है। विकास खंड नाहन की देवका पुड़ला पंचायत के जामली गांव की यह गाय स्पेशल है। पिछले कई सालों से देखभाल कर रहे महेंद्र सिंह व सुमित्रा देवी के परिवार के लिए जमुना नाम की इस गाय की उम्र 24 वर्ष की हो चुकी है। इस गाय ने 2009 में सातवें और अंतिम गर्भ से बछड़े को जन्म दिया था। गाय को पालने वाले कृषक परिवार ने यह समझकर गाय का उपचार नहीं करवाया कि अब गाय बूढ़ी हो चली है। बिना गर्भधारण के बाद भी जब दूध देने का सिलसिला खत्म नहीं हुआ तो परिवार खुद भी हैरत में पड़ गया। आज भी यह गाय रोजाना साढ़े तीन लीटर दूध दे रही है। यह परिवार गाय का बेहतरीन तरीके से पालन पोषण कर रहा है जो कि सराहनीय है। गाय का पालन-पोषण करने वाली सुमित्रा देवी ने बताया कि 42 साल पहले शादी के बाद उनकी मां ने एक गंगा नाम की गाय उन्हें भेंट की थी। यह जमुना नाम की गाय उसी की संतान है। यह उनकी मां की निशानी है और परिवार के सदस्य की ही तरह उनका पूरा परिवार इसकी देखभाल करता आ रहा है। सुमित्रा देवी का कहना है कि जिस तरह से जमुना बहती है उसी तरह जमुना नाम की उनकी गाय की दूध की धारा भी बह रही है। वहीं सुमित्रा देवी के बेटे मनोज कुमार ने बताया कि नानी द्वारा 42 साल पहले दी गई गाय की ही संतान अब तक चली आ रही है। सात बार जमुना नाम की यह गाय गर्भ धारण कर चुकी है, लेकिन अंतिम बार इससे 2009 में गर्भाधारण किया था। पिछले 10 सालों से गाय लगातार दूध दे रही है। पशुपालन विभाग की टीम भी गाय को देखकर हैरान थी। उधर, इस विषय को लेकर पशुपालन विभाग की नाहन स्थित सहायक निदेशक प्रसार डा. नीरू शबनम ने बताया कि उक्त गाय के स्वास्थ्य की जांच कर ली गई है। यह भले ही आश्चर्य वाली बात है लेकिन गाय में हार्मोनल डिस्टरबेंसिज से ऐसा हो रहा है। सूचना मिलने के बाद टीम भेजी गई थी। जांच के बाद पाया कि वाकई में 2009 के बाद से गाय ने गर्भ धारण नहीं किया ह  फर भी दूध दे रही है। साथ ही परिवार द्वारा गाय का बेहतर तरीके से पालन पोषण करना भी सराहनीय कदम है। लिहाजा कुदरत के इस अद्भुत करिश्मे से हर कोई आश्चर्य चकित है।