लेबनान में हैंडबाल खेलेंगी प्रदेश की चार बेटियां

By: Jul 18th, 2019 12:03 am

जूनियर वूमन एशियन चैंपियनशिप के लिए राष्ट्रीय टीम में हुईं सिलेक्ट

घुमारवीं – लेबनान के बेरूत शहर में 20 से 29 जुलाई तक होने वाली 15वीं जूनियर वूमन एशियन हैंडबाल (अंडर-20) चैंपियनशिप में दो सगी बहनों सहित प्रदेश की चार बेटियां भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इनमें प्रियंका ठाकुर, हेमलता, शालिनी ठाकुर तथा दीप शिखा शामिल हैं। इनमें  शालिनी तथा प्रियंका सगी बहनें हैं। इन बेटियों के इंडियन हैंडबाल टीम में चयनित होने पर खेल जगत में खुशी है। हिमाचल प्रदेश हैंडबाल संघ के सीईओ डा. प्रवेश शर्मा ने बताया कि गत वर्ष जकार्ता में आयोजित एशियाई खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी जिला बिलासपुर से प्रियंका ठाकुर, सोलन से हेमलता गोलकीपर के रूप में व बिलासपुर से शालिनी ठाकुर तथा दीप शिखा पहली बार भारतीय टीम का हिस्सा बनी हैं। प्रवेश शर्मा ने बताया ये चारों खिलाड़ी बिलासपुर के मोरसिंघी में चल रही हैंडबॉल नर्सरी में पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी स्नेह लता से प्रशिक्षण प्राप्त करती हैं।  भारतीय टीम गुरुवार को नई दिल्ली से रवाना होगी। प्रदेश के खिलाडि़यों की सफलता पर हिमाचल प्रदेश हैंडबॉल संघ के अध्यक्ष भरत साहनी, महासचिव नंदकिशोर शर्मा, तकनीकी समिति के अध्यक्ष के आरगर्ग, उपाध्यक्ष अनिल शर्मा, रैफरी बोर्ड के अध्यक्ष जगदीश कौंडल, उपाध्यक्ष एमएम गर्ग, सदस्य सरित शर्मा, अशोक गौतम, मनोज ठाकुर, अरुण सैनी, वीरेंद्र शर्मा, रफीक अहमद, हरिओम शर्मा, अंशुल शर्मा, विपिन, दिलाबर सिंह व गौरव चौधरी ने चयनित खिलाडि़यों को बधाई दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App