वन मंत्री ने बशौणा काहिका में की लाखों की घोषणाएं

By: Jul 18th, 2019 12:10 am

कुल्लू —वन, परिवहन युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद सिंह ने कहा है कि पौधारोपण को जन आंदोलन बनाने के लिए वन विभाग ने नई पहल की है। विशेषकर बच्चों को इससे जोड़ने के लिए विद्यार्थी मित्र योजना आरंभ की जा रही है। इस योजना के तहत शिक्षण संस्थानों के आसपास खाली जमीन पर बच्चे पेड़ लगाएंगे और उनकी पूरी देखभाल भी सुनिश्चित करेंगे। बुधवार को भुंतर के निकट बशौणा में देवता कपिल मुनि के काहिका उत्सव में शिरकत करते हुए मंत्री ने कहा कि बेटी के जन्म पर वन विभाग माता-पिता को पांच पौधे देगा। उन्होंने लोगों से वनों के संरक्षण और अधिक से अधिक पौधारोपण में योगदान देने की अपील की। बशौणा काहिका उत्सव की चर्चा करते हुए गोविंद सिंह ने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी प्राचीन संस्कृति के प्रतीक हैं। उन्होंने देवता कपिल मुनि के परिसर के सौंदर्यीकरण के लिए पहली किश्त के रूप में पांच लाख, सामुदायिक भवन के कार्य पूरा करने के लिए तीन लाख और देवता कमेटी को 25000 रुपए देने की घोषणा की। वन मंत्री ने कपिल युवक मंडल और महिला मंडल तोंदला को बीस-बीस हजार तथा क्षेत्र के अन्य महिला व युवक मंडलों को भी दस-दस हजार की धनराशि देने का ऐलान किया। गोविंद सिंह ने कहा कि जमीन उपलब्ध होने पर बगीचा-बशौणा सड़क का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा और इसे मुख्यमंत्री ग्राम पथ योजना के अधीन लाया जाएगा। उन्होंने कहा कि दुर्गम गांव मासू के लिए वन विभाग के माध्यम से सड़क बनाने की संभावनाएं तलाशी जाएंगी। क्षेत्रवासियों की सुविधा के लिए निर्माणाधीन फोरलेन के नीचे सब-वे के निर्माण के लिए हाई-वे अथॉरिटी से बात की जाएगी। उन्होंने बताया कि भुंतर-दियार सड़क के चौड़ीकरण के लिए पांच करोड़ की डीपीआर तैयार की गई है। बशौणा क्षेत्र में पेयजल व सिंचाई योजनाओं के लिए भी करोड़ों रुपए मंजूर किए गए हैं।  लोकसभा चुनाव में भाजपा के भारी समर्थन के लिए क्षेत्रवासियों का धन्यवाद करते हुए गोविंद सिंह ने कहा कि इस बार के चुनाव में हिमाचल प्रदेश की जनता ने पार्टी को 70 प्रतिशत से अधिक मत देकर एक इतिहास रचा है। इस अवसर पर पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने भी अपने विचार रखे और क्षेत्र की मांगें वन मंत्री के समक्ष रखीं।  इससे पहले वन मंत्री के ओएसडी वीर सिंह गुलेरिया  ने गोविंद सिंह ठाकुर का स्वागत किया तथा उन्हें क्षेत्र की समस्याओं से अवगत करवाया। पंचायत प्रधान आशा ठाकुर ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सेन, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य देवराज त्यागी, अमित सूद, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, कारदार चुने राम शर्मा, अमर चंद ठाकुर और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App