वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री एस. जयपाल रेड्डी का निधन

By: Jul 28th, 2019 7:50 pm

श्री रेड्डी को मात्र 18 वर्ष की उम्र में पोलियो हो गया था और वह बैसाखी के जरिये चलते थे। उन्होंने हैदराबाद के प्रतिष्ठित ओस्मानिया विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर (एम़ ए) किया था। वह 15वीं लोकसभा के सदस्य थे और उनके पास विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय का कार्यभार था। उन्होंने तेलंगाना के चेवल्ला संसदीय क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। श्री रेड्डी 1998 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंद्र कुमार गुजराल की सरकार में सूचना एवं प्रसारण मंत्री भी रहे। उन्होंने 21 वर्षों के बाद 1999 में कांग्रेस पार्टी में वापसी की थी। जब 1975 में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने देश में आपातकाल लागू किया था तो श्री रेड्डी ने 1977 में कांग्रेस पार्टी छोड़कर जनता पार्टी का रुख कर लिया था। उन्होंने इंदिरा गांधी के खिलाफ आंदोलन छेड़ रखा था। वर्ष 2009 में वह 15वीं लोकसभा के लिए चेवल्ला संसदीय क्षेत्र से दोबारा चुने गए और उन्होंने केन्द्रीय शहरी विकास तथा पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय का कार्यभार संभाला। श्री रेड्डी दो बार राज्यसभा के सदस्य भी रहे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री एस जयपाल रेड्डी के निधन पर शोक जताया है। श्री गांधी ने ट्वीट किया, “पूर्व केन्द्रीय मंत्री और दिग्गज कांग्रेसी नेता श्री जयपाल रेड्डी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। एक बेहतरीन सांसद, तेलंगाना के महान सपूत, उन्होंने अपना पूरा जीवन जन सेवा में समर्पित कर दिया। उनके परिवार और दोस्तों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं।” 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App