विनोद ठाकुर महासंघ के सरदार

By: Jul 22nd, 2019 12:04 am

बिलासपुर में कई संगठनों ने सहमति से चुनी राज्य कार्यकारिणी, रूप लाल चुने वरिष्ठ उपाध्यक्ष

बिलासपुर -कभी कर्मचारी परिसंघ की कमान संभाल चुके विनोद कुमार ठाकुर अब हिमाचल प्रदेश अराजपत्रित कर्मचारी सेवाएं महासंघ के सरदार बन गए हैं। रविवार को बिलासपुर के किसान भवन में प्रदेश के 12 जिलों के साथ ही 70 से ज्यादा विभागीय संगठनों के डेलीगेट्स की मौजूदगी में संपन्न हुई चुनावी प्रक्रिया में सहमति से महासंघ की कमान विनोद कुमार को सौंपी गई। ऐसे में मंडी के सरकाघाट में एनआर ठाकुर और शिमला में अश्वनी गुट द्वारा अपने-अपने स्तर पर कार्यकारिणी का गठन करने के बाद विनोद गुट ने भी चुनाव करवा लिए। रविवार को बिलासपुर में कर्मचारी सेवाएं महासंघ (विनोद गुट) ने राज्य कार्यकारिणी के चुनाव करवाए। चुनाव अधिकारी अश्वनी भट्ट व सहायक चुनाव अधिकारी एलएन बौध की अध्यक्षता में संपन्न हुए चुनाव में हेमराज शर्मा व लेखराम कौंडल पर्यवेक्षक के रूप में मौजूद रहे। उद्यान विभाग के विनोद ठाकुर को अध्यक्ष, मंडी के रूपलाल शर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, हमीरपुर के सुमन बन्याल महासचिव, घुमारवीं के चंद्रशेखर शर्मा, चंबा के नीरज कपूर, रामपुर के विपिन ठाकुर, सोलन के राकेश शर्मा, कांगड़ा के अशोक नैहरिया उपाध्यक्ष तथा सिरमौर के मितेश पराशर संयुक्त सचिव चुने गए। इस अवसर पर  नवनियुक्त अध्यक्ष विनोद ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर में राज्य कार्यकारिणी का गठन किया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि महासंघ को मान्यता देने के मामले में हर पहलू पर गंभीरता से विचार किया जाए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App